ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अलवर में बासठ मंदिरों की साफ सफाई, सात मंदिरों में अयोध्या से लाइव प्रसारण

आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर निगम ने 62 मंदिर चिन्हित किए हैं, जिनमें साफ सफाई रोशनी आदि की तैयारियां कराई जा रही है। इसके अलावा शहर के सात मंदिरों में एलईडी स्क्रीन लगाकर सीधा अयोध्या से प्रसारण किया जायेगा। इन्हीं सब तैयारियों का जाएजा लेने शनिवार को आयुक्त मनीष फोजदार, एडीएम नरेश तंवर, एडिशनल एसपी तेजपाल सिंह आदि मंदिर पहुंचे।

आयुक्त ने बताया कि मंदिर परिसर के आस-पास साफ-सफाई व रोशनी की व्यवस्था, रंगीन पताकाओं से सजावट, मंदिर परिसर की धुलाई की जावेगी। इसके साथ ही मंदिरों में सुन्दरकाण्ड और हनुमान चालीसा का पाठ और भव्य आरती के बाद प्रसाद वितरण की व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए की जायेगी। वही मंदिरों में गाय के गोबर से निर्मित दीये नगर निगम की ओर से प्रज्जवलित किए जाएंगे।

शहर के चौराहे भी होंगे रोशन

इसके अलावा शहर के अशोका सर्किल, हनुमान सर्किल, अग्रसेन सर्किल, सुभाष चौक, बिजलीघर का चौराहा, भगतसिंह चौराहा, परशुराम चौराहा, राव तुलाराम चौराहा, टेल्को चौराहा, एसएमडी चौराहा, आर. आर कॉलेज चौराहा, अंबेडकर सर्किल, जुबलीबास चौराहा, महाराजा स्टेशन सर्किल, मन्नी का बड और रामायणी हनुमान तिराया आदि स्थानों पर रोशनी और साफ-सफाई की जाएगी।

प्रमुख मंदिरों में लगेगी एलईडी

उन्होंने बताया कि शहर के मोती डूंगरी और हनुमान चौराहा स्थित हनुमान मंदिर, पुराना कटला स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर, खाटूश्याम मंदिर, वीर सावरकर नगर, साउथ वैस्थ ब्लॉक स्थित राम मंदिर, एन.ई.बी, कृषि उपजमंडी के पास तथा होपसर्कस स्थित शिव हनुमान मंदिर में एल.ई.डी टी.वी लगाकर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण किया जायेगा।

निगम आयुक्त मनीष कुमार फौजदार ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान साफ-सफाई व रोशनी व्यवस्था को लेकर निगम के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। जिसमें निर्देश दिये गये है कि सभी व्यवस्थाए चाक-चौबंद रखी जाए और साफ-सफाई व रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *