ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

विधायक दुड़ाराम ने गांव बैजलपुर में बुस्टिंग स्टेशन का किया उद्घाटन

विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद कार्यक्रम के तहत शनिवार को गांव बैजलपुर व दहमन में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विधायक दुड़ाराम ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान विधायक के प्रयासों से फतेहाबाद विधानसभा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए नव वर्ष पर 100 करोड़ रुपये की सौगात मिलने जा रही है। इसके लिए भूना, भट्टूकलां, फतेहाबाद क्षेत्र से आए हुए विभिन्न गांवों के पंच-सरपंचों तथा अन्य लोगों ने भी विधायक व सरकार का आभार जताया।

विधायक दुड़ाराम ने गांव बैजलपुर में जल जीवन मिशन के तहत एक करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से बने बुस्टिंग स्टेशन का उद्घाटन कर ग्रामीणों को समर्पित किया। विधायक दुड़ाराम ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद जताते हुए कहा कि ग्रामीणों को शहरों जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने व चहुंमुखी विकास के लिए हलके में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। विधायक ने कहा कि गांव बैजलपुर में चार करोड़ रुपये से भी अधिक की धनराशि खर्च करके विभिन्न विकास कार्य करवाए गए है। गांव की फिरनी के निर्माण पर एक करोड़ 40 लाख रुपये, श्मशान घाट के विभिन्न कार्यों पर 8 लाख 84 हजार रुपये, बुस्टिंग स्टेशन के निर्माण पर एक करोड़ 74 लाख रुपये, डी प्लान के तहत 6 लाख रुपये, ग्राम पंचायत के अन्य कार्यों के लिए 25 लाख रुपये, मनरेगा योजना के तहत एक करोड़ 20 लाख रुपये के कार्य, बाढ़ प्रबंधन कार्यों पर एक करोड़ रुपये से भी अधिक की धनराशि खर्च की गई है।

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत गांव में 35 गैस कनैक्शन, परिवार पहचान पत्र के माध्यम से 57 नागरिकों की पेंशन बनी है। इसके अलावा गांव में 750 नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए है, जिनमें से विभिन्न बीमारियों के इलाज के लिए नागरिकों ने करोड़ों रुपये की राशि का लाभ लिया है। इस दौरान विधायक ने केंद्र व प्रदेश सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, किसानों व पशुपालकों तथा अनेक प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *