ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

प्रयागराज के धूमनगंज में 25 जनवरी 2005 को सरेआम हुई थी बसपा विधायक राजू पाल की हत्या

प्रयागराज: आज से ठीक 21 साल पहले, 25 जनवरी 2005 को प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में बसपा के तत्कालीन विधायक राजू पाल की सड़क पर सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अपराधियों ने विधायक पर कई किलोमीटर तक गोलियां बरसाईं और तब तक हमला जारी रखा, जब तक उन्हें यकीन नहीं हो गया कि राजू पाल की मौत हो चुकी है। इस हत्याकांड का मुख्य आरोप तब के सांसद फूलपुर अतीक अहमद और उसके भाई पूर्व विधायक खालिद अजीम उर्फ अशरफ पर लगा था। घटना के बाद पूरे इलाके में कई दिनों तक तनाव और हंगामा रहा।
21 साल बाद भी नहीं उतरा दिल का दर्द, पूजा पाल ने कहा- योगी जी ने दिलाया न्याय
रविवार को धूमनगंज में स्वर्गीय राजू पाल की समाधि स्थल पर उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा कार्यकर्ता, आमजन और राजू पाल के पुराने समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए। राजू पाल की पत्नी और वर्तमान चायल विधायक पूजा पाल भी समाधि स्थल पहुंचीं। उन्होंने पुष्प अर्पित किए, आरती उतारी और दिवंगत पति को भावुक होकर नमन किया। मौके पर राजू पाल के समर्थकों ने जोरदार नारे लगाए।
पूजा पाल ने भावुक होते हुए कहा, “जिस बाहुबली से मैं 21 साल से लड़ रही थी, उससे लड़ना बेहद मुश्किल था। लेकिन मैंने हिम्मत नहीं हारी और इस लड़ाई को जीत तक पहुंचाया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे न्याय दिलाया। ऐसा मुख्यमंत्री मिलना बहुत मुश्किल है। मेरी जीत की असली वजह योगी जी हैं। 21 साल बाद इस मामले का परिणाम सामने आया है।
“मुख्य आरोपी अतीक-अशरफ सहित ज्यादातर अपराधी अब कानूनी शिकंजे में या मौत के घाट उतरे
गौरतलब है कि राजू पाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी अतीक अहमद और अशरफ की हत्या हो चुकी है। मामले में शामिल ज्यादातर अपराधी अब कानूनी कार्रवाई के दायरे में हैं या सजा काट रहे हैं। पूजा पाल ने योगी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बाहुबलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर आमजन को न्याय दिलाया।
यह श्रद्धांजलि सभा न केवल राजू पाल को याद करने का मौका बनी, बल्कि योगी सरकार की अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति की भी सराहना का मंच बनी। 21 साल बाद भी राजू पाल की यादें और उनकी पत्नी की न्याय की लड़ाई लोगों के दिलों में जिंदा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *