• July 13, 2026

बिहार में बसेंगे 12 नए आधुनिक शहर, मुजफ्फरपुर में बनेगा ‘तिरहुत’ टाउनशिप: सम्राट चौधरी

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रही है। उन्होंने मुजफ्फरपुर में 1,047 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 शहरी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए राज्य के विकास, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुराने शहरों के जीर्णोद्धार के साथ-साथ नए आधुनिक शहरों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा, “किसी पुराने शहर को नया स्वरूप देने में समय लगता है। नालियों, गलियों, पेयजल आपूर्ति, पार्कों, सामुदायिक केंद्रों और गरीबों के लिए पक्के घरों के निर्माण जैसे सभी क्षेत्रों में तेजी से काम किया जा रहा है। बिहार सरकार जनता के लिए निरंतर कार्य कर रही है।”

बिहार में विकसित होंगे 12 नए टाउनशिप

सम्राट चौधरी ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बिहार के 12 स्थानों पर नए टाउनशिप विकसित करने का फैसला किया है। इनमें मुजफ्फरपुर भी शामिल है, जहां ‘तिरहुत’ नाम से एक आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी।

उन्होंने कहा, “हम राज्य के 12 स्थानों पर नए शहरों के विकास की शुरुआत कर रहे हैं। इन नए टाउनशिप में हर घर तक बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस दिशा में तेजी से काम आगे बढ़ाया जा रहा है।”

महिला सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा, “हमने पहले ही कई महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता भेज दी है। जो महिलाएं किसी कारणवश इस योजना से वंचित रह गई हैं, उन्हें भी जल्द योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।”

शिक्षा क्षेत्र में भी बड़े बदलाव की तैयारी

शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार छात्रों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए मॉडल स्कूल, डिग्री कॉलेज और सरकारी स्कूलों में कोचिंग सेंटर स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा, “हमें अपनी विरासत पर गर्व है और हम इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार कई योजनाओं पर तेजी से काम कर रही है।”

कैबिनेट में कई बड़े प्रस्तावों को मिली मंजूरी

गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी। इनमें ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास, चार प्रमुख कॉरिडोर में रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) की योजना, सरकारी भवनों पर 500 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने और मत्स्य इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए नई कंपनी के गठन जैसे महत्वपूर्ण फैसले शामिल हैं।

सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के लागू होने से बिहार में शहरी विकास को नई गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *