बांकीपुर उपचुनाव: नामांकन के बाद JJD प्रत्याशी वीणा मानवी गिरफ्तार, तेज प्रताप यादव ने उठाए सवाल
पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए रविवार को नामांकन का आखिरी दिन रहा। इस दौरान राजनीतिक हलचल के बीच जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस ने एक पुराने धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी के बाद समाहरणालय परिसर में समर्थकों ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, वीणा मानवी नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद जैसे ही समाहरणालय से बाहर निकलीं, पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से उनके समर्थकों में नाराजगी फैल गई और मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर चली गई।
तेज प्रताप यादव ने जताई नाराजगी
वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की प्रत्याशी के खिलाफ नामांकन के दिन की गई कार्रवाई पर उन्हें गंभीर आपत्ति है।
तेज प्रताप यादव ने कहा, “हमें आशंका है कि वीणा मानवी को झूठे मामले में फंसाकर उनकी चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई है। यदि ऐसा हुआ है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक है। मैं उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं। हमें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है और जरूरत पड़ने पर हम न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएंगे।”
उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता सत्य और न्याय के साथ खड़ी है और उन्हें भरोसा है कि अंततः सच्चाई की जीत होगी।
वीणा मानवी को बनाया गया है JJD उम्मीदवार
बता दें कि तेज प्रताप यादव के नेतृत्व वाली जनशक्ति जनता दल ने सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। रविवार को तेज प्रताप यादव ने औपचारिक रूप से उन्हें पार्टी का चुनाव चिह्न सौंपकर आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया था।
उम्मीदवारी मिलने के बाद वीणा मानवी ने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया था। उन्होंने कहा था कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगी और बांकीपुर की जनता की आवाज बनकर काम करेंगी।
बांकीपुर उपचुनाव पर बढ़ी सियासी गर्मी
नामांकन के अंतिम दिन हुई इस गिरफ्तारी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की सियासत को और गर्म कर दिया है। अब इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है, वहीं पुलिस की कार्रवाई और मामले की कानूनी स्थिति पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं।