यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 182 PCS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के SDM बदले
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य के 182 पीसीएस (PCS) अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस व्यापक तबादला सूची में कई जिलों के उपजिलाधिकारियों (SDM) को बदला गया है, जबकि कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार का कहना है कि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
तबादला सूची के अनुसार, सुरभि शर्मा को कानपुर देहात से स्थानांतरित कर बागपत का नया एसडीएम बनाया गया है। पुष्पेंद्र पटेल को गाजीपुर से अंबेडकर नगर भेजा गया है, जबकि शुभम यादव को उन्नाव से बुलंदशहर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रतिभा मिश्रा को वाराणसी से कानपुर देहात भेजा गया है। गोपाल शर्मा को मैनपुरी से बरेली का नया उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, मिथलेश कुमार तिवारी को रायबरेली से मैनपुरी का एसडीएम बनाया गया है।
लवलीत कौर को हाथरस से स्थानांतरित कर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में ओएसडी नियुक्त किया गया है। वर्ष 2020 बैच के अधिकारी वीर सिंह को अलीगढ़ में सहायक नगर आयुक्त के पद से हटाकर रायबरेली का एसडीएम बनाया गया है।
इसके अलावा, पुष्परनाथ चौधरी को अमरोहा से उन्नाव, अवधेश कुमार निगम को देवरिया से फिरोजाबाद, और राम जनम यादव को बरेली से हरदोई भेजा गया है। देवेंद्र प्रताप सिंह को यूपीडा (UPEIDA) से झांसी स्थानांतरित किया गया है।
प्रज्ञा पाण्डेय को उन्नाव से बाराबंकी की नई एसडीएम बनाया गया है, जबकि अजेंद्र सिंह को कौशांबी से उन्नाव भेजा गया है। नरेंद्र कुमार गंगवार को आजमगढ़ से आगरा ट्रांसफर किया गया है।
वहीं, दीपिका मेहरा और सचिन राजपूत को क्रमशः मथुरा और आगरा से स्थानांतरित कर शामली में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पहले भी हुए थे बड़े तबादले
उत्तर प्रदेश सरकार समय-समय पर प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले करती रही है। इससे पहले, पिछले वर्ष 23 जून को भी सरकार ने एक साथ 127 पीसीएस अधिकारियों का तबादला किया था।
20 IAS अधिकारियों का भी हुआ तबादला
इससे पहले गुरुवार देर शाम योगी सरकार ने सचिव और विशेष सचिव स्तर के 20 आईएएस अधिकारियों का भी तबादला किया था। इस सूची में कई जिलों और विभागों में बड़े बदलाव किए गए हैं।
नई नियुक्तियों के तहत सुधा वर्मा को सचिव राजस्व विभाग से श्रमायुक्त (उत्तर प्रदेश) बनाया गया है। नेहा शर्मा को महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा और अरुण कुमार को मिशन निदेशक, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा, दीपा रंजन को विशेष सचिव संस्कृति विभाग, संदीप भागिया को प्रबंध निदेशक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम, आलोक कुमार को मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बलिया और संजय कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी इटावा नियुक्त किया गया है। कई अन्य अधिकारियों को भी नए पदों और विभागों का अतिरिक्त प्रभार देकर प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की कोशिश की गई है।
राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक चुनौतियों और विकास योजनाओं को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।