• September 15, 2026

Bihar Flood Relief: बाढ़ से प्रभावित 8.27 लाख परिवारों को 7-7 हजार रुपये देंगे CM सम्राट चौधरी, खाते में पहुंचेगी राशि

पटना: बिहार इस समय भीषण बाढ़ की स्थिति से जूझ रहा है। राज्य में गंगा, गंडक, कोसी और पुनपुन समेत कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के चलते कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, राज्य के 15 जिलों में करीब 49.46 लाख लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं। हजारों गांवों में बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है और कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

इस बीच बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए बिहार सरकार ने आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।

8 लाख से ज्यादा परिवारों को मिलेंगे 7-7 हजार रुपये

बाढ़ से प्रभावित 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से 7-7 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता राशि दी जाएगी।

यह रकम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे लाभुक परिवारों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलों से प्राप्त अंचलाधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों की सूची तैयार की है।

सरकार के मौजूदा आंकड़ों के अनुसार, इस सहायता के लिए कुल 579.23 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सहायता राशि सुबह 11:30 बजे लाभुकों के खातों में भेजे जाने की जानकारी दी गई है।

बिहार के इन 15 जिलों में बाढ़ का असर

बाढ़ से प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अरवल शामिल हैं।

राज्य के 15 जिलों के 88 प्रखंडों की 575 ग्राम पंचायतें बाढ़ से प्रभावित बताई गई हैं।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और भोजन उपलब्ध कराने के लिए 1,260 कम्युनिटी किचन संचालित किए जा रहे हैं।

अब तक 1 करोड़ से ज्यादा लोगों को कराया गया भोजन

सरकार के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचालित कम्युनिटी किचन के माध्यम से अब तक करीब 1 करोड़ 19 लाख 33 हजार लोगों को सुबह और शाम भोजन कराया जा चुका है।

प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों और जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने का काम जारी है।

बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करेगा केंद्रीय दल

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार की ओर से एक दल बिहार का दौरा करेगा। यह केंद्रीय दल केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य में बाढ़ की स्थिति और इससे हुए नुकसान का आकलन करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि बिहार सरकार बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

अब बाढ़ प्रभावित परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता के साथ सरकार की नजर केंद्रीय दल के आकलन और आगे मिलने वाली राहत पर भी रहेगी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *