October 4, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

‘आवारापन 2’ का टीजर रिलीज, इमरान हाशमी की वापसी के साथ फिर गूंजेंगे ‘तो फिर आओ’ और ‘तेरा मेरा रिश्ता’

नई दिल्ली: इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ का टीजर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। लंबे इंतजार के बाद मेकर्स ने फिल्म की पहली झलक साझा की है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर फैंस के बीच उत्साह देखा जा रहा है। टीजर के साथ ही फिल्म के संगीत को लेकर भी उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

मिथून और सईद कादरी की हिट जोड़ी फिर साथ

‘आवारापन 2’ का संगीत एक बार फिर संगीतकार मिथून और गीतकार सईद कादरी की चर्चित जोड़ी तैयार कर रही है। पहली फिल्म की तरह इस बार भी भावनात्मक और मेलोडियस संगीत पर खास जोर दिया गया है। फिल्म में 2007 की सुपरहिट फिल्म ‘आवारापन’ के लोकप्रिय गीत ‘तो फिर आओ’ और ‘तेरा मेरा रिश्ता’ को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। इसके अलावा दर्शकों के लिए एक बिल्कुल नया गाना भी तैयार किया जा रहा है।

14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी फिल्म

फिल्म का निर्देशन नितिक कक्कड़ कर रहे हैं। इसमें इमरान हाशमी के साथ अभिनेत्री दिशा पाटनी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

निर्माताओं ने जताई संगीत से बड़ी उम्मीदें

फिल्म के निर्माता विशेश भट्ट का कहना है कि जब ‘आवारापन 2’ के संगीत पर काम शुरू हुआ तो सबसे पहले मिथून और सईद कादरी का नाम ही सामने आया। उनके अनुसार, दोनों कलाकार भावनाओं को संगीत और शब्दों के माध्यम से गहराई से प्रस्तुत करने की क्षमता रखते हैं और यही फिल्म की सबसे बड़ी जरूरत थी। गीतकार सईद कादरी ने भी फिल्म से अपने जुड़ाव को खास बताते हुए कहा कि इस बार के गानों में दर्शकों को पहले की तरह सच्चे जज्बात और गहराई का एहसास होगा। वहीं संगीतकार मिथून ने कहा कि उनकी टीम की आपसी समझ और तालमेल ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी के दम पर वे ‘आवारापन 2’ के संगीत को यादगार बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

पहली फिल्म बनी थी कल्ट क्लासिक

साल 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ अपने भावनात्मक कथानक और शानदार संगीत की वजह से दर्शकों के बीच कल्ट क्लासिक का दर्जा हासिल कर चुकी है। फिल्म के गाने आज भी काफी लोकप्रिय हैं और नई पीढ़ी के बीच भी पसंद किए जाते हैं। अब ‘आवारापन 2’ उसी विरासत को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। फिल्म को एक इमोशनल एक्शन-ड्रामा के रूप में पेश किया जाएगा, जिसमें दमदार कहानी के साथ संगीत भी अहम भूमिका निभाएगा। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि यह सीक्वल भी अपने म्यूजिक और भावनात्मक कहानी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.