ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

महाराष्ट्र के अहमदनगर में बायो गैस के गड्ढे में गिरी बिल्ली, छह लोग बचाने पहुंचे, पांच की मौत

महाराष्ट्र में अहमदनगर जिले के नेवासा तहसील के वाकड़ी गांव में मंगलवार शाम बायो गैस के गड्ढे में गिरी बिल्ली को बचाने पहुंचे छह लोगों में पांच की दम घुटने से मौत हो गई। छठे बेहोश व्यक्ति को अहमदनगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में चार पुरुष एक ही परिवार के हैं। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। तहसील और पुलिस अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले एक व्यक्ति गड्ढे में उतरा और छटपटाने लगा। इसके बाद उसे बचाने के लिए एक के बाद एक छह लोग गड्ढे में उतरे। इनमें एक को किसी तरह गांव वालों ने निकाल लिया और उसे बेहोशी की हालत में अहमदनगर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। इसकी सूचना मिलते ही नेवासा तहसील के कर्मचारी और स्थानीय पुलिस जवान मौके पर पहुंचे। रात को अंधेरा होने की वजह से राहत और बचाव कार्य नहीं हो सका।

बुधवार सुबह यहां राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पांच लोगों के शव बायो गैस के गड्ढे से बाहर निकाले गए। मृतकों के नाम बबलू काले ( 28), अनिल काले (55), माणिक काले (65), संदीप काले (32), बाबासाहेब गायकवाड (40) हैं। विजय काले ( 35) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *