ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

एडीबी ने भारत की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान सात फीसदी पर रखा बरकरार

नई दिल्‍ली, 17 जुलाई। बजट पेश होने से पहले एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने चालू वित्‍त वर्ष 2024-25 के लिए भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर के अनुमान को सात फीसदी पर बरकरार रखा है। इसके साथ ही एडीबी को सामान्य से बेहतर मानसून अनुमानों को देखते हुए कृषि क्षेत्र में सुधार की उम्मीद है।

एडीबी ने अपने एशियाई विकास परिदृश्य (एडीओ) के जुलाई संस्करण में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2024-25 में सात फीसदी की दर से बढ़ेगी। वहीं, अगामी वित्‍त वर्ष 2025-26 में जीडीपी 7.2 फीसदी की दर से बढ़ने की ओर अग्रसर है। एशियाई विकास बैंक ने अप्रैल में चालू वित्‍त वर्ष के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर अनुमान को 6.7 फ़ीसदी से बढ़ाकर सात फ़ीसदी कर दिया था।

एशियाई विकास बैंक के पूर्वानुमान से एक दिन पहले अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भी भारतीय अर्थव्‍यस्‍था 7 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही एडीबी का कहना है कि सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की निवेश मांग से मजबूत वृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा। एडीबी के मुताबिक वैश्विक रुझानों के अनुरूप देश की महंगाई दर में गिरावट का रुख जारी रहेगा।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 में भारत का जीडीपी 8.2 फीसदी रहा था। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने चालू वित्‍त वर्ष 2024-25 में देश की आर्थिक वृद्धि दर 7.2 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। इसके अलावा दुनिया की अन्‍य वैश्विक रेटिंग एजेंसियों ने भी चालू वित्‍त वर्ष में भारत की जीडीपी ग्रोथ 7-7.2 फीसदी के बीच रहने का अनुमान जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *