ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

77वें गणतंत्र दिवस पर देश में उत्साह का माहौल: कर्तव्य पथ पर भव्य परेड, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर दिखेगा भारत का शौर्य

नई दिल्ली: भारत आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह और गर्व के साथ मना रहा है। पूरा देश तिरंगे के रंगों से जगमगा उठा है। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य रिपब्लिक डे परेड की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, जहां जमीन से आसमान तक भारत की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक वैभव का प्रदर्शन होगा। इस बार परेड की मुख्य थीम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित है, जो देश की सैन्य सफलताओं और सुरक्षा क्षमता को दर्शाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी का संदेश: स्वतंत्रता और एकता का प्रतीक है गणतंत्र दिवस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई। भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। विकसित भारत का संकल्प और अधिक सुदृढ़ हो, यही कामना है।”
पीएम मोदी ने आगे कहा, “गणतंत्र दिवस हमारी स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक है। यह पर्व हमें एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।” उन्होंने संस्कृत श्लोक का भी उल्लेख किया: “पारतन्त्र्याभिभूतस्य देशस्याभ्युदयः कुतः। अतः स्वातन्त्र्यमाप्तव्यमैक्यं स्वातन्त्र्यसाधनम्॥”
कर्तव्य पथ पर झांकियां और परेड: सांस्कृतिक विरासत और विकास की झलक
परेड में सेना के जवान कदमताल करते हुए निकलेंगे, जिससे देशवासियों का सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा। विभिन्न राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों की झांकियां देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, एकता और विकास यात्रा को प्रदर्शित करेंगी। आसमान में वायुसेना के विमानों का फ्लाईपास्ट भी परेड का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू फहराएंगी तिरंगा, पीएम मोदी देंगे श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने से होगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
देशव्यापी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
गणतंत्र दिवस के जश्न में किसी तरह की कोई खलल न पड़े, इसके लिए दिल्ली से कश्मीर, कन्याकुमारी तक और गुजरात से पूर्वोत्तर राज्यों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सिर्फ दिल्ली में ही 10 हजार से अधिक जवान तैनात हैं। इसके अलावा 3 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों से शहर के हर कोने पर नजर रखी जा रही है।
यह गणतंत्र दिवस न केवल स्वतंत्रता और संविधान का उत्सव है, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर भी है। जय हिंद!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *