ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भाषा विश्वविद्यालय में ‘विधि अध्ययन और उसके व्यावहारिक प्रयोग की चुनौतियां’ पर विशेष व्याख्यान, विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का अवसर

लखनऊ: ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन में ‘विधि अध्ययन एवं उसके व्यावहारिक प्रयोग की चुनौतियां’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस श्री देवेंद्र कुमार राय रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को विधि के सैद्धांतिक ज्ञान और न्यायालयों सहित पेशेवर जीवन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के बीच तालमेल स्थापित करने के महत्व के बारे में बताया।

कार्यक्रम का आयोजन विधि अध्ययन संकाय के अधिष्ठाता डॉ. पीयूष कुमार त्रिवेदी के संयोजन में किया गया। इसका संचालन श्री अंशुल पाण्डेय ने किया।

सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ भी जरूरी

व्याख्यान के दौरान मुख्य वक्ता देवेंद्र कुमार राय ने विधि की पढ़ाई और उसके वास्तविक पेशेवर इस्तेमाल के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कानून का सैद्धांतिक ज्ञान महत्वपूर्ण है, लेकिन न्यायालय और पेशेवर क्षेत्र में काम करते समय विद्यार्थियों को कई व्यावहारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ और अनुभव विकसित करना भी जरूरी है।

व्याख्यान के बाद विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने विधि अध्ययन और उसके व्यावहारिक पक्ष से जुड़े सवाल पूछे तथा मुख्य वक्ता से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

विद्यार्थियों को फर्म में इंटर्नशिप के लिए आमंत्रित किया

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर भी सामने आया। प्रोफेसर देवेंद्र कुमार राय के साथ उनकी फर्म के सदस्य कीर्ति वर्धन शुक्ला और आलोक राय ने विश्वविद्यालय के सभी विद्यार्थियों को अपनी फर्म में इंटर्नशिप करने के लिए आमंत्रित किया। इस पहल से विद्यार्थियों को विधि के व्यावहारिक पक्ष को समझने और पेशेवर कार्यप्रणाली का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल सकेगा।

अनुशासित जीवन को बताया सफलता का मार्ग

कार्यक्रम के समापन पर कुलानुशासक डॉ. नीरज शुक्ल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासित जीवन ही सफलता का मार्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक और व्यक्तिगत जीवन में अनुशासन के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। व्याख्यान के माध्यम से विद्यार्थियों को विधि के सैद्धांतिक अध्ययन के साथ व्यावहारिक अनुभव, पेशेवर कौशल और अनुशासन के महत्व को समझने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *