दिल्ली में मिठाई की दुकानों और डेयरियों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 100 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट
नई दिल्ली: दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार का खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में विभाग की टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी, शाहदरा, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों समेत कुल 40 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
निरीक्षण के दौरान मंडोली एक्सटेंशन स्थित एक डेयरी में करीब 100 किलोग्राम मानव उपभोग के अयोग्य खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अलावा स्वच्छता और अन्य निर्धारित मानकों में कमियां पाए जाने पर आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विभाग को नियमित जांच और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
खोया, पनीर, घी और मिठाइयों के 22 नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और शाहदरा जिलों में निरीक्षण के दौरान खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू, गुलाब जामुन और ड्राई फ्रूट गिफ्ट पैक सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 22 नमूने एकत्र किए।
इस दौरान मंडोली एक्सटेंशन स्थित एक डेयरी में दुर्गंधयुक्त खोया, रसगुल्ले और मच्छरों तथा मक्खियों से दूषित दूध पाया गया। विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलोग्राम ऐसी खाद्य सामग्री नष्ट कराई, जो मानव उपभोग के योग्य नहीं थी।
दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
त्योहारों के मद्देनजर दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मिठाई की दुकानों और खाद्य निर्माण इकाइयों सहित 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
इन इलाकों से लड्डू, बर्फी, कलाकंद, रसगुल्ला, खोया, छेना, पनीर, घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 18 नमूने जांच के लिए लिए गए।
इसके अलावा निहाल विहार स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई के खिलाफ मिली शिकायत पर भी विभाग ने कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर इकाई का निरीक्षण किया और तीन नमूने जांच के लिए एकत्र किए। निरीक्षण में यह इकाई बिना एफएसएसएआई पंजीकरण के संचालित होती पाई गई।
स्वच्छता मानकों में कमी पर आठ प्रतिष्ठानों को नोटिस
जांच अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने दुकानों और निर्माण इकाइयों में साफ-सफाई तथा निर्धारित स्वच्छता मानकों के पालन की भी जांच की। जहां कमियां पाई गईं, वहां सुधारात्मक कार्रवाई के लिए कुल आठ प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए।
विभाग के मुताबिक, खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट और निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिलावट और दूषित खाद्य सामग्री पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं: रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हर परिवार तक पहुंचने वाली खाद्य सामग्री शुद्ध, सुरक्षित और स्वास्थ्य के अनुकूल हो। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, दूषित सामग्री की बिक्री और स्वच्छता मानकों की अनदेखी सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है।
मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों की नियमित जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल अनियमितताओं पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे दिल्लीवासियों को पूरे साल और विशेष रूप से त्योहारों के दौरान भरोसेमंद तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, जनस्वास्थ्य की रक्षा करना और उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
