• September 1, 2026

बारिश ने बदला प्लेऑफ का वेन्यू, अब लखनऊ में होंगे सभी नॉकआउट मुकाबले और फाइनल

कानपुर में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के चलते यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों का आयोजन स्थल बदल दिया गया है। अब लीग के सभी प्लेऑफ मुकाबले और फाइनल मैच कानपुर के बजाय लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

लीग प्रबंधन के मुताबिक, मैचों की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले पूर्व निर्धारित तारीखों पर ही लखनऊ में आयोजित किए जाएंगे।

खिलाड़ियों की सुरक्षा और निष्पक्ष मुकाबला प्राथमिकता

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वेन्यू बदलने की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि लीग प्रबंधन के लिए खिलाड़ियों का हित, सभी टीमों को समान परिस्थितियां उपलब्ध कराना और मुकाबलों की गुणवत्ता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है।

डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर में लगातार बारिश के कारण कई मैचों को निर्धारित तरीके से पूरा कराना मुश्किल हो रहा है। इसका सीधा असर खेल और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पड़ रहा है। ऐसे में प्लेऑफ जैसे निर्णायक मुकाबलों में सभी टीमों को पूरे 20 ओवर खेलने का समान अवसर मिलना जरूरी है।

मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए लिया फैसला

डॉ. कपूर ने बताया कि आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान का भी आकलन किया गया। इसमें कानपुर में लगातार बारिश की संभावना दिखाई गई। इन परिस्थितियों को देखते हुए प्लेऑफ और फाइनल को लखनऊ स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा कि यह फैसला किसी एक टीम के पक्ष या विपक्ष में नहीं है, बल्कि खेल की निष्पक्षता और खिलाड़ियों के हित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

गीली आउटफील्ड से चोट का खतरा

लीग चेयरमैन ने कहा कि लगातार बारिश के कारण मैदान की आउटफील्ड गीली रहने से खिलाड़ियों के चोटिल होने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा मैचों के बार-बार बाधित होने और छोटे प्रारूप के मुकाबलों के देर रात तक खिंचने से खिलाड़ियों पर शारीरिक और मानसिक थकान भी बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि प्लेऑफ में पहुंचने वाली सभी टीमों को अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करने के लिए बेहतर और समान परिस्थितियां मिलनी चाहिए।

दर्शकों को मिलेगा निर्बाध क्रिकेट का आनंद

लीग प्रबंधन का कहना है कि प्लेऑफ और फाइनल जैसे महत्वपूर्ण मुकाबलों में खिलाड़ियों को पूरे 20 ओवर खेलने का अवसर देना प्राथमिकता है। इसके साथ ही दर्शकों को भी बिना बार-बार बारिश की रुकावट के रोमांचक क्रिकेट देखने का बेहतर अनुभव मिल सकेगा।

इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबले होने से टीमों को अपनी रणनीति और क्षमता का पूरा प्रदर्शन करने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।

तारीखों में नहीं हुआ बदलाव

यूपी टी-20 लीग प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि प्लेऑफ और फाइनल की पूर्व निर्धारित तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। केवल मुकाबलों के आयोजन स्थल को कानपुर से लखनऊ स्थानांतरित किया गया है।

लीग प्रबंधन ने कानपुर चरण के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों और सभी सहयोगी संस्थाओं से मिले सहयोग के लिए आभार भी जताया।

प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *