• September 1, 2026

32 हजार से ज्यादा शिक्षक पदों पर भर्ती का आवेदन स्थगित, 1 सितंबर से शुरू होनी थी प्रक्रिया

पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने TRE-4.0 यानी चतुर्थ चरण विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया है। इस भर्ती के जरिए बिहार के शिक्षा विभाग में 32,388 शिक्षक पदों पर नियुक्ति की जानी है।

पहले जारी कार्यक्रम के मुताबिक आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलनी थी। हालांकि, आयोग ने कुछ प्रक्रियात्मक बदलावों के चलते आवेदन प्रक्रिया को टालने का फैसला किया है।

भर्ती रद्द नहीं हुई, सिर्फ आवेदन की तारीख बदली

BPSC ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट किया है कि TRE-4.0 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया रद्द नहीं की गई है। फिलहाल सिर्फ ऑनलाइन आवेदन शुरू करने की निर्धारित तारीख को स्थगित किया गया है।

आयोग के मुताबिक, भर्ती से संबंधित नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नई डेट और आगे की प्रक्रिया के लिए BPSC की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।

BPSC ने जारी किया नोटिफिकेशन

BPSC की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत चतुर्थ चरण विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (TRE-4.0) के लिए शिक्षा विभाग, बिहार के अंतर्गत विद्यालय अध्यापक के कुल 32,388 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जानी है।

आयोग ने कहा है कि 1 सितंबर 2026 से प्रस्तावित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को प्रक्रियात्मक बदलाव के कारण स्थगित किया गया है। विज्ञापन से संबंधित नई तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।

किस वर्ग में कितने शिक्षक पद?

TRE-4.0 भर्ती के तहत अलग-अलग कक्षाओं के लिए पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के शिक्षक पद शामिल हैं।

  • कक्षा 1 से 5: 3,847 पद
  • कक्षा 6 से 8: 8,563 पद
  • कक्षा 9 से 10: 3,877 पद
  • कक्षा 11 से 12: 16,101 पद

इस तरह भर्ती अभियान के जरिए कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति की जानी है।

शिक्षकों को कितना मिलेगा वेतन?

TRE-4.0 भर्ती में चयनित शिक्षकों को उनके स्तर के अनुसार अलग-अलग प्रारंभिक वेतन और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित भत्ते मिलेंगे।

  • कक्षा 1 से 5: प्रारंभिक वेतन ₹25,000 प्रति माह + निर्धारित भत्ते
  • कक्षा 6 से 8: प्रारंभिक वेतन ₹28,000 प्रति माह + निर्धारित भत्ते
  • कक्षा 9 से 10: मूल वेतन ₹31,000 प्रति माह + देय भत्ते
  • कक्षा 11 से 12: मूल वेतन ₹32,000 प्रति माह + देय भत्ते

अभ्यर्थी क्या करें?

आवेदन प्रक्रिया स्थगित होने के बाद अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार करना होगा। फिलहाल उन्हें आवेदन करने के लिए कोई नई तारीख नहीं दी गई है। नई तारीख जारी होने के बाद ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे BPSC की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें और आवेदन की नई तारीख, पात्रता, दस्तावेज और अन्य शर्तों की जानकारी के बाद ही आवेदन करें।

बिहार में इससे पहले BPSC से जुड़ा एक अन्य मामला भी चर्चा में रहा था, जब छात्रों के प्रदर्शन को लेकर विवादित बयान देने वाले एक अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *