ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कांवड़ यात्रा 2026: CM योगी के सख्त निर्देश, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई, मार्ग पर मांस और शराब की दुकानें रहेंगी बंद

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ और सहारनपुर मंडल के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी

सीएम योगी ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी विभाग अपनी तैयारियां पूरी कर लें। पूरे यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाए।

उन्होंने प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही मेरठ और सहारनपुर के मंडलायुक्तों को नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने को कहा।

पड़ोसी राज्यों के साथ रहेगा समन्वय

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे और कांवड़ की ऊंचाई तय सीमा से अधिक न हो, जिससे यातायात बाधित न हो। इसके लिए डीजे संचालकों, कांवड़ निर्माताओं और कांवड़ समितियों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

सड़कें हों गड्ढामुक्त, शिविरों में हों सभी सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और सिंचाई विभाग को यात्रा मार्गों को समय रहते गड्ढामुक्त करने और झाड़ियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पूरे मार्ग पर साफ-सफाई बनी रहे और कांवड़ शिविरों में स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय, बिजली, स्वच्छता और ताजा सात्विक भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मांस और शराब की दुकानें रहेंगी बंद

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मांस और शराब की सभी दुकानें यात्रा अवधि के दौरान बंद रहें। उन्होंने इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन न चलाए। वहीं, बिजली विभाग को ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों की नियमित जांच करने को कहा गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

जनप्रतिनिधियों से समन्वय और योजनाओं का प्रचार

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और क्षेत्रीय समस्याओं का समय पर समाधान करने को कहा।

उन्होंने सूचना विभाग को कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार और होर्डिंग लगाने तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों से अपील की थी कि वे यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें, शांति और सौहार्द का पालन करें तथा किसी भी प्रकार के हुड़दंग से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *