• June 24, 2026

निर्जला एकादशी 2026: हरिद्वार जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

हरिद्वार : 25 जून को निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।

भारी वाहनों पर रहेगी विशेष निगरानी

पुलिस के अनुसार, ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को राज्य की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग और होल्डिंग एरिया में भेजा जाएगा।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

ऋषिकेश की ओर से आने वाले वाहनों के लिए चीला मार्ग केवल एग्जिट रूट के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। सामान्य ट्रैफिक स्थिति में गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन, सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक मार्ग से वाहनों को हरिद्वार में प्रवेश दिया जाएगा। टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने की स्थिति में नहर पटरी मार्ग को निकासी मार्ग के रूप में उपयोग किया जाएगा।

शहर में लागू रहेंगे ये प्रतिबंध

ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहन, ऑटो, विक्रम और टैक्सी का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। 24 जून रात 10 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इसी अवधि में बसों, ट्रैक्टरों और बड़े यात्री वाहनों को हनुमान वाटिका के रास्ते चमगादड़ टापू पार्किंग में भेजा जाएगा।

श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था

दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई हैं। नजीबाबाद और मुरादाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौकी मार्ग से हरिद्वार पहुंच सकेंगे।

जरूरत पड़ने पर लंबा डायवर्जन

यदि भीड़ अधिक बढ़ती है तो दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों को सहारनपुर, भगवानपुर, छुटमलपुर, बिहारीगढ़ और मोहण्ड मार्ग से देहरादून एवं ऋषिकेश की ओर भेजा जाएगा।

श्रद्धालुओं के लिए पुलिस की अपील

उत्तराखंड पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट की जानकारी लेने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सहयोग से ही निर्जला एकादशी के अवसर पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जा सकेगा। यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी जरूर लें, ताकि आपकी हरिद्वार यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनी रहे।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *