• June 20, 2026

सामंथा की ‘मा इंति बंगारम’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, पहले दिन तोड़ा ‘यशोदा’ का रिकॉर्ड

नई दिल्ली: अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु की एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘मा इंति बंगारम’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई फिल्मों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। नंदिनी रेड्डी के निर्देशन में बनी यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त कर रही है। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क (Sacnilk) के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘मा इंति बंगारम’ ने भारत में पहले दिन 5.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म ने देशभर में 2,038 शोज के साथ करीब 36 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। इस शानदार ओपनिंग के साथ फिल्म ने सामंथा की पिछली सबसे बड़ी सोलो ओपनर फिल्म ‘यशोदा’ का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। साल 2022 में रिलीज हुई ‘यशोदा’ ने पहले दिन 3.06 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया था। केवल ‘यशोदा’ ही नहीं, ‘मा इंति बंगारम’ ने अनुष्का शेट्टी की फिल्म ‘घाटी’ और रश्मिका मंदाना की ‘द गर्लफ्रेंड’ की ओपनिंग कमाई को भी पीछे छोड़ दिया है। ‘घाटी’ ने रिलीज के पहले दिन 2 करोड़ रुपये और ‘द गर्लफ्रेंड’ ने 1.30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसके अलावा, सामंथा और नंदिनी रेड्डी की 2019 की हिट फिल्म ‘ओह! बेबी’ की 2.5 करोड़ रुपये की ओपनिंग भी इससे पीछे रह गई। फिल्म का निर्माण राज निदिमोरू ने किया है, जबकि सामंथा रुथ प्रभु, राज निदिमोरू और हिमांक रेड्डी डुव्वुरु ने ‘ट्रलाला मूविंग पिक्चर्स’ के बैनर तले इसे प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी स्वर्णा (सामंथा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शादी के बाद पहली बार अपने पति अनिरुद्ध (दिगंत मंचले) के माता-पिता से मिलने जाती है। वह परिवार पर अच्छा प्रभाव छोड़ने की कोशिश करती है, लेकिन उसका अतीत अचानक उसके सामने आ खड़ा होता है। करुणा (गुलशन देवैया) की वापसी उसके शांत जीवन में उथल-पुथल मचा देती है। इसके बाद स्वर्णा को अपने परिवार को सच बताए बिना अपने अतीत और वर्तमान के बीच संघर्ष का सामना करना पड़ता है। फिल्म में सामंथा के अलावा गुलशन देवैया, दिगंत मंचले, गौतमी, श्रीमुखी और मंजूषा मुक्काविल्ली समेत कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *