• June 3, 2026

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली पहुंचेंगे अभिजीत दीपके, 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी

व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अभियान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 6 जून को भारत लौटने और दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर युवाओं और छात्रों की आवाज़ को बुलंद करना है।

अभिजीत दीपके वर्तमान में अमेरिका में हैं, जहां उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी से अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है। सोशल मीडिया पर जारी एक संदेश में उन्होंने कहा कि देशभर के छात्रों को विभिन्न परीक्षा विवादों और कथित पेपर लीक मामलों के कारण भारी नुकसान उठाना पड़ा है, जिसके लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।

दीपके के मुताबिक, उनकी ऑनलाइन याचिका को अब तक करीब आठ लाख लोगों का समर्थन मिल चुका है, जबकि सोशल मीडिया पर करोड़ों लोग इस मांग के पक्ष में अपनी राय व्यक्त कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली, लखनऊ, जयपुर समेत कई शहरों में छात्र और युवा इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नीट, सीबीएसई, सीयूईटी और एसएससी जीडी जैसी परीक्षाओं से जुड़े लाखों छात्र हाल के विवादों के कारण प्रभावित हुए हैं। उनका आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों ने छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि इतनी बड़ी घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग जवाबदेही स्वीकार नहीं करते हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं से संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि 6 जून को दिल्ली पहुंचने के बाद वह अपने समर्थकों के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगेंगे। दीपके ने छात्रों, युवाओं और अपने समर्थकों से इस अभियान में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना सभी नागरिकों का अधिकार है।

गौरतलब है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अभियान उस समय चर्चा में आया था, जब सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर व्यापक बहस शुरू हुई थी। इसके बाद अभिजीत दीपके ने इस व्यंग्यात्मक अभियान की शुरुआत की, जिसे सोशल मीडिया पर व्यापक प्रतिक्रिया मिली।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *