ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

लखनऊ में भाजयुमो नेता पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शनिवार रात बड़ी वारदात सामने आई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक नेता पर अज्ञात युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल नेता की पहचान 35 वर्षीय चेतन तिवारी के रूप में हुई है, जो भाजपा युवा मोर्चा की महानगर कार्यसमिति के सदस्य बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, चेतन तिवारी अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी एक युवक वहां पहुंचा और उन पर लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले में चेतन की पीठ पर दो गोलियां लगी हैं। उन्हें गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

CCTV में कैद हुई वारदात

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि चेतन तिवारी घर के बाहर खड़े हैं, तभी एक युवक उनके पास आता है और अचानक फायरिंग शुरू कर देता है। गोली लगते ही चेतन जमीन पर गिर पड़ते हैं। इसके बाद आरोपी दोबारा उन पर फायरिंग करता है।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटने लगते हैं, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो जाता है। सीसीटीवी फुटेज में घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और लोगों की चीख-पुकार भी सुनाई दे रही है।

इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

राजनीति में सक्रिय हैं चेतन तिवारी

चेतन तिवारी भाजपा युवा मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ तस्वीरें भी मौजूद हैं। ऐसे में इस घटना को हाई-प्रोफाइल माना जा रहा है और पुलिस भी सतर्कता के साथ मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। हमले के पीछे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *