• May 10, 2026

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार होते-होते बचीं सुप्रिया सुले, सोशल मीडिया पर साझा किया वाहन नंबर

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की नेता और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले शनिवार को एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गईं। यह घटना उस समय हुई जब वह पुणे से मुंबई की ओर मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यात्रा कर रही थीं। जानकारी के मुताबिक, सफर के दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर साझा किया वाहन नंबर

घटना के बाद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने उस वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर भी साझा किया, जिसने उनकी कार को टक्कर मारी।

सुप्रिया सुले ने लिखा,
“आज पुणे से मुंबई जाते समय हाईवे पर मेरा एक भयावह अनुभव हुआ। वाहन नंबर GJ13CF5257 ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए मेरी कार को साइड से टक्कर मार दी। शुक्र है कि सभी सुरक्षित हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की घटनाएं सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं। “तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग कई जिंदगियों को खतरे में डाल सकती है। मैं सभी से अपील करती हूं कि सीट बेल्ट जरूर पहनें, सतर्क रहें और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं, ताकि सड़कें सभी के लिए सुरक्षित बन सकें।”

संसद में सक्रिय आवाज रही हैं सुप्रिया सुले

सुप्रिया सुले ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत वर्ष 2006 में राज्यसभा सदस्य के रूप में की थी। इसके बाद 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बारामती सीट से जीत दर्ज की और अपने पिता शरद पवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया।

वह लगातार चार बार से बारामती लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। संसद में सक्रिय भागीदारी और प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए उन्हें कई बार ‘संसद रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *