बारामती उपचुनाव में सुनेत्रा पवार की रिकॉर्ड जीत, विपक्षी उम्मीदवारों की जमानत जब्त जैसी स्थिति
महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सुनेत्रा पवार ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 2 लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। इस जीत के साथ उन्होंने राज्य में सबसे बड़े अंतर से विधानसभा चुनाव जीतने के पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं।
इस उपचुनाव में कुल 23 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें से 22 उम्मीदवार सुनेत्रा पवार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे। हालांकि, इनमें से कोई भी उम्मीदवार किसी प्रमुख राजनीतिक दल से नहीं था, जिसका सीधा फायदा सुनेत्रा पवार को मिला। नतीजतन, अधिकांश विपक्षी उम्मीदवार बेहद कम वोटों तक सिमट कर रह गए।
चुनाव परिणामों के अनुसार, न्यू राष्ट्रीय समाज पार्टी के प्रोफेसर आर.वाई. गुटुकडे सर दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन उन्हें केवल 935 वोट ही मिले। वहीं, 774 मतदाताओं ने ‘नोटा’ (NOTA) का विकल्प चुना, जो 21 उम्मीदवारों को मिले वोटों से भी अधिक है। निर्दलीय उम्मीदवार विराज महादेव शिंदे 533 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इनके अलावा कोई भी उम्मीदवार 500 वोटों का आंकड़ा पार नहीं कर सका।
इस चुनाव में 11 उम्मीदवार ऐसे भी रहे जिन्हें 100 वोट तक नहीं मिल सके। इनमें एडवोकेट अविनाश गायकवाड़ (92 वोट), साजन भगवान (85 वोट), रोहित राजू भोसले (70 वोट), बालासो मारुति धपाटे (57 वोट), योगेश मोहन (50 वोट), सतीश नाना सोनावने (48 वोट), गजानन पाटिल (47 वोट), सागर भिषे (45 वोट), सीताराम विट्ठल (45 वोट), दत्तात्रेय बेडारे (43 वोट) और चंद्रकांत रंभाजी मोती (42 वोट) शामिल हैं।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में हुए उपचुनाव में दो सीटों—बारामती और राहुरी—पर मतदान हुआ था और दोनों ही सीटों पर महायुति गठबंधन के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। राहुरी सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अक्षय शिवाजीराव करढिले ने 1,12,587 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। उन्हें कुल 1,40,093 वोट मिले, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के मोकाते गोविंद खांडू 27,506 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
इन नतीजों ने एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति में महायुति गठबंधन की मजबूत पकड़ को साबित कर दिया है।