• April 27, 2026

लद्दाख में 5 नए जिलों के गठन को मंजूरी, कुल संख्या बढ़कर 7 हुई

लद्दाख से इस समय एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब लद्दाख में कुल जिलों की संख्या बढ़कर सात हो जाएगी।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करता है और इससे क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं को नया बल मिलेगा।

ये होंगे नए जिले

लद्दाख में जिन पांच नए जिलों का गठन किया जाएगा, उनमें शामिल हैं:

  • नुब्रा
  • शाम
  • चांगथांग
  • जांस्कर
  • द्रास

वीके सक्सेना ने अपने संदेश में कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और समृद्ध लद्दाख के विजन के अनुरूप है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रस्ताव को अगस्त 2024 में गृह मंत्रालय द्वारा, गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पहले ही मंजूरी दी जा चुकी थी।

उपराज्यपाल के अनुसार, नए जिलों के गठन से प्रशासनिक ढांचे को मजबूत किया जाएगा, शासन का विकेंद्रीकरण होगा और खासतौर पर दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को सरकारी सेवाएं तेजी से मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल शासन को नागरिकों के करीब लाएगा, बल्कि विकास, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी पैदा करेगा। साथ ही उन्होंने लद्दाख के नागरिकों के लिए बेहतर और समृद्ध भविष्य की दिशा में काम करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *