अमित शाह का दावा—पहले चरण में बीजेपी को बढ़त, बंगाल में बनेगी बहुमत की सरकार
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि पहले चरण में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ी बढ़त मिली है।
उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में भारी संख्या में मतदाताओं ने हिस्सा लिया और यह सकारात्मक संकेत है। शाह ने इस दौरान निर्वाचन आयोग और सुरक्षा बलों का धन्यवाद करते हुए कहा कि मतदान शांतिपूर्ण रहा और किसी भी तरह की हिंसा की घटना सामने नहीं आई।
अमित शाह ने कहा कि पहले चरण में 152 सीटों पर हुए मतदान में भाजपा को लगभग 110 सीटों पर बढ़त मिलने का फीडबैक मिला है। उन्होंने दावा किया कि दूसरे चरण के बाद पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा, “बंगाल से दीदी जाने वाली हैं और बीजेपी आने वाली है। भय खत्म होगा और भरोसा कायम होगा।”
मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर उठ रहे सवालों पर शाह ने स्पष्ट किया कि भाजपा किसी बाहरी व्यक्ति को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य का मुख्यमंत्री वही होगा जो बंगाल में जन्मा हो, बंगाली भाषा बोलता हो और राज्य के हित में काम करता हो।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार राज्य में उसकी सरकार नहीं बनने जा रही है। साथ ही उन्होंने इशारों में कहा कि ममता बनर्जी के करीबी लोग भी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर शाह ने कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो TMC शासन के दौरान लगे सभी आरोपों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इन मामलों की जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज से कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गृह मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में अपराध और सिंडिकेट राज को खत्म करना भाजपा की प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का भरोसा भी उन्होंने जताया।