• March 14, 2026

भाषा विश्वविद्यालय की NCC कैडेट ने गुलमर्ग में राष्ट्रीय स्नोबोर्डिंग कैंप में लिया भाग

लखनऊ: ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ की राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की कैडेट साक्षी मिश्रा ने जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्वतीय स्थल गुलमर्ग में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के बेसिक स्नोबोर्डिंग कैंप (BSBC-08) में भाग लेकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। यह शिविर 24 फरवरी से 9 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया था। कैंप का आयोजन जेआईएम एंड विंटर स्पोर्ट्स, जम्मू-कश्मीर द्वारा एनसीसी के तत्वावधान में किया गया।

इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में देश के विभिन्न एनसीसी निदेशालयों के कैडेटों ने भाग लिया। इनमें मध्य प्रदेश, गुजरात तथा हरियाणा–चंडीगढ़–हिमाचल प्रदेश निदेशालय सहित कई राज्यों के कैडेट शामिल थे। इस प्रकार यह शिविर देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कैडेटों के लिए अनुभव साझा करने और साहसिक प्रशिक्षण प्राप्त करने का महत्वपूर्ण मंच बना।

 उत्तर प्रदेश निदेशालय से इस कैंप के लिए कुल पांच एनसीसी कैडेटों का चयन किया गया था। इनमें कैडेट साक्षी मिश्रा, जो भाषा विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं और 20 यूपी गर्ल्स बटालियन NCC, लखनऊ से जुड़ी हैं, ने सफलतापूर्वक इस शिविर में भाग लिया।

शिविर के दौरान कैडेटों को स्नोबोर्डिंग सहित विभिन्न शीतकालीन साहसिक गतिविधियों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेटों में साहसिक भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीमवर्क तथा प्रतिकूल मौसम में कार्य करने की क्षमता का विकास करना था।

राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित शिविर में भागीदारी से विश्वविद्यालय को गौरव प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि एनसीसी कैडेटों के व्यक्तित्व विकास और साहसिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

कैडेटों को इस स्तर तक पहुंचाने में एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. बुशरा अलवेरा का विशेष मार्गदर्शन और प्रेरणा रही। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कैडेट साक्षी मिश्रा को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनका अनुभव अन्य एनसीसी कैडेटों को भी राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *