ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मुलतान जोत महोत्सव का आयोजन 11 को

हरिद्वार, 4 अगस्त । सावन में हरवर्ष निकाली जाने वाली मुल्तान जोत इस बार 11 अगस्त को निकाली जाएगी। मुल्तान जोत इस बार देशभक्ति की थीम पर निकाली जाएगी, जिसमें सभी श्रद्धालु तिरंगा लिये और तिरंगे के रंग में नजर आएंगे। 11 अगस्त को सुबह जहां हरकी पैड़ी पर दूध से होली खेली जाएगी वहीं शाम को जोत यात्रा निकाली जाएगी जिसमें अनेक विशिष्ट लोग मौजूद रहेंगे।

जोत महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं दिल्ली के पूर्व विधायक डॉ. महेंद्र नागपाल ने रविवार को मीडियाकर्मियों को बताया कि मुल्तान जोत को पहली बार 1911 में धार्मिक प्रवृत्ति के लाला रुपचंद मुल्तान (पाकिस्तान) से पैदल लेकर हरिद्वार आए थे। आजादी के बाद जब मुल्तानी लोग हिंदुस्तान में बस गए तो यह धार्मिक यात्रा मुल्तानियों का एक सांस्कृतिक व सामाजिक आयोजन बन गई। अब इस वार्षिक आयोजन में देशभर से हजारों मुल्तानी मूल के लोग जोत के लिए हरिद्वार पहुंचते हैं। इस दौरान मुल्तानी परिवारों का जहां आपस में मिलन होता है वहीं सामाजिक विवादों को भी मिल-बैठकर सुलझाया जाता है। बेटे-बेटियों के विवाह की भूमिका भी इस दौरान तय होती है।

डॉ. नागपाल ने बताया कि इस दौरान मुल्तान मूल के करीब 50 से 70 हजार लोग हरिद्वार पहुंचते हैं, जिसके लिए पहले से हरिद्वार आकर विभिन्न धर्मशालाओं की बुकिंग व अन्य तैयारियां करनी पड़ती हैं। इस बार जोत यात्रा में बाबा रामदेव सहित अन्य सिने अभिनेताओं के डुप्लीकेट भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *