ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

ब्रिटेन के आम चुनाव में जीत से लेबर पार्टी गदगद, कीर स्टार्मर ने कहा-बदलाव शुरू

लंदन, 05 जुलाई । ब्रिटेन के आम चुनाव में ऐतिहासिक जीत से लेबर पार्टी गदगद है। लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने कुछ देर पहले एक्स हैंडल पर खुशी का इजहार करते हुए कहा-”बदलाव का काम आज से शुरू हो रहा है।” इससे पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और कंजर्वेटिव पार्टी के नेता ऋषि सुनक ने आम चुनाव में अपनी हार मानते हुए उन्हें जीत के लिए बधाई दी।

उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन में लेबर पार्टी 14 साल बाद सत्ता में शानदार वापसी करने जा रही है। लेबर पार्टी सरकार बनाने के लिए जरूरी 326 सीटों का आंकड़ा पार कर चुकी है। प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने अपने पहले बयान में इस्तीफा देने की भी घोषणा की है। चुनाव परिणाम के अब तक के रुझानों में कीर स्टार्मर के नेतृत्व में लेबर पार्टी 1997 वाली बड़ी जीत की तरफ बढ़ रही है। लेबर पार्टी अभी तक 352 सीटें जीत चुकी है। मौजूदा प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी 74 सीटें ही अभी तक जीत सकी है। ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री लेबर पार्टी के स्टार्मर का बनना तय है। स्टार्मर साल 2020 में जर्मी कोर्बिन की जगह लेबर पार्टी के नए नेता चुने गए थे।

एग्जिट पोल में ब्रिटेन की कुल 650सीटों में से 410 सीट लेबर पार्टी को और कंजर्वेटिव पार्टी को 131 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। ब्रिटेन के रक्षामंत्री ग्रांट शैप्स अपनी सीट हार गए हैं। ग्रांट अब तक हारने वाले सबसे वरिष्ठ कंजर्वेटिव कैबिनेट सदस्य बन गए हैं। शैप्स को लेबर के एंड्रयू लेविन ने दक्षिणी इंग्लैंड के वेल्विन हैटफील्ड निर्वाचन क्षेत्र से हराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *