ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

रामगढ़ में कृषि मंत्री ने 18.17 करोड़ की परिसंपत्ति बांटी, 18 लोगों को दिया नियुक्ति पत्र

रामगढ़, 03 जुलाई। झारखंड सरकार किसानों की जिंदगी बदलने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही हैं। किसान इसका भरपूर लाभ उठाएं। रामगढ़ में किसान मेला सह प्रादर्श प्रदर्शनी एवं नियुक्ति चयन सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में यह बात कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कही। वह मंगलवार देर शाम रामगढ़ पहुंचे और कई घंटे किसानों के बीच बिताए। यहां उन्होंने 18.17 करोड़ की परिसंपत्ति का वितरण किया। साथ ही 18 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी दिया।

इस दौरान उन्होंने टाउन हॉल परिसर में किसानों द्वारा लगाए गए मेले का भी आनंद उठाया। उनके साथ रामगढ़ विधायक सुनीता चौधरी, बढ़कागांव विधायक अंबा प्रसाद, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा चौधरी, निदेशक विकास कुमार, रामगढ़ डीसी चंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि रामगढ़ जिले में जिस प्रकार से गोट कोऑपरेटिव परियोजना का संचालन, किसानों को विभिन्न उपकरण आदि उपलब्ध कराने के तहत कार्य किए जा रहे हैं, वह सराहनीय है। मौके पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होने के लिए आवेदन देने की अपील की। मौके पर उन्होंने विगत वर्षों में राज्य सरकार द्वारा प्राप्त की गई उपलब्धियां के प्रति भी सभी को जानकारी दी। उन्होंने किसानों के लिए झारखंड फसल राहत योजना विभिन्न परियोजना की सभी को जानकारी दी।

रामगढ़ के 9621 किसानों का कर्ज हुआ माफ

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी राज्य सरकार ने प्रत्येक राज्यवासी के कल्याण के लिए कार्य किया है। झारखंड फसल राहत योजना के तहत रामगढ़ जिले के 9621 किसानों को कर्ज माफी का लाभ मिला है। उन्होंने आने वाले समय में राज्य सरकार द्वारा किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों को लेकर भी सभी को जानकारी दी। उनके द्वारा जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा विभिन्न स्तरों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए किया जा रहे कार्यों की भी सराहना की गई। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य सरकार का निर्णय है कि ग्राम स्तर पर लोगों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए शिविर लगाया जाएगा।

डीएमएफटी से संचालित हो रही गोट बैंक परियोजना : डीसी

डीसी चंदन कुमार ने सभी किसानों को जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफटी के माध्यम से संचालित की जा रही गोट बैंक परियोजना की पूरी रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने सभी से गोट बैंक परियोजना के साथ-साथ सरकार की अन्य योजनाओं से जुड़कर लाभान्वित होने की अपील की।

18 करोड़ की परिसंपत्ति वितरित, 18 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र

बादल पत्रलेख द्वारा किसानों के विकास को लेकर कुल 20 योजनाओं में 18 करोड़ 17 लाख 42 हज़ार 285 रुपए की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। वहीं उनके द्वारा जिला स्तर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल रामगढ़ एवं कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण आत्मा रामगढ़ में विभिन्न पदों पर नियुक्त किए गए कुल 18 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *