ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टी-20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ खिंचवाई फोटो

नई दिल्ली, 1 जुलाई । भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने सोमवार को बारबाडोस के एक समुद्र तट पर टी-20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाई।

भारतीय टीम ने शनिवार को बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में दक्षिण अफ्रीका को सात रनों से हराकर टी20 विश्व कप का 2024 का खिताब जीता।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रोहित की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें वह समुद्र तट पर प्रतिष्ठित ट्रॉफी के साथ पोज देते नजर आए।

बीसीसीआई ने एक्स पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “एक अरब सपने, एक अरब भावनाएं और एक अरब मुस्कुराहटें! मिशन पूरा हुआ। विश्व कप जीत लिया। हम विश्व चैंपियन हैं। कैप्टन! आपने कर दिखाया।”

टी-20 विश्व कप 2024 के खिताबी मुकाबले की बात करें तो मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। एक समय केवल 34 रनों पर 3 विकेट गंवाकर मुश्किलों में फंसी भारतीय टीम को विराट (76) और अक्षर पटेल (47) ने 72 रनों की साझेदारी कर मैच में भारत की वापसी कराई। इसके बाद विराट और शिवम दुबे (16 गेंदों में 27 रन) के बीच 57 रनों की साझेदारी ने भारत को 20 ओवरों में 7 विकेट पर 176 रनों के स्कोर तक पहुँचाया। दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज और एनरिक नॉर्टजे ने 2-2 विकेट लिए, मार्को यान्सन और एडेन मार्करम ने एक-एक विकेट लिया।

177 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम केवल 12 रन 2 विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी, इसके बाद क्विंटन डी कॉक (31 गेंदों में 39 रन, चार चौके और एक छक्का) और ट्रिस्टन स्टब्स (21 गेंदों में 31 रन, तीन चौके और एक छक्का) के बीच 58 रनों की साझेदारी ने दक्षिण अफ्रीका को खेल में वापस ला दिया। इसके बाद हेनरिक क्लासेन (27 गेंदों में 52 रन, दो चौके और पांच छक्के) के अर्धशतक ने भारत को खेल से लगभग दूर कर दिया था, लेकिन इसके बाद अर्शदीप सिंह (2/18), जसप्रीत बुमराह (2/20) और हार्दिक पांड्या (3/20) ने डेथ ओवरों में शानदार वापसी की और दक्षिण अफ्रीका को 20 ओवरों में 8 विकेट पर 169 के स्कोर पर रोक दिया। विराट ने अपने प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *