ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

चारधाम और हेमकुंड साहिब के दर्शनार्थियों का आंकड़ा 13 लाख पार

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। कोई भी श्रद्धालु बिना दर्शन करे वापस न जाए। इसके लिए सरकार से लेकर पूरा सरकारी तंत्र व्यवस्थाएं बनाने में जुटा हुआ है। चारों धामों और हेमकुंड साहिब में अब तक 1336767 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए हैं। इनमें सबसे ज्यादा श्रद्धालु बाबा केदार के दर पर पहुंचे हैं।

केदारनाथ धाम में तो 20 हजार से नीचे श्रद्धालुओं के आंकड़े आ ही नहीं रहे हैं। यात्रा शुरू होने से पहले व्यवस्थित तरीके से यात्रियों को धामों के दर्शन कराने के लिए संख्या निर्धारित की गई थी, लेकिन जिस संख्या में तीर्थयात्री आ रहे हैं उसको देखते हुए निर्धारित संख्या में दर्शन कराना असंभव सा प्रतीत हो रहा है।

10 मई से अब तक केदारनाथ धाम में 551705 श्रद्धालुओं ने बाबा का आशीर्वाद लिया है। यमुनोत्री धाम में अब तक 240044 तीर्थ यात्रियों ने मां यमुनोत्री के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। गंगोत्री धाम में अब तक 231983 तीर्थयात्रियों ने मां गंगा के दर्शन किए हैं। वहीं बद्रीनाथ धाम में अब तक 299888 श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। चारों धामों की यात्रा करने के बाद मां धारी देवी के दर्शन करने के लिए भी रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को खोले गए। सिखों के पवित्र धर्मस्थल हेमकुंड साहिब में कपाट खुलने के बाद अब तक 13147 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। कुल मिलाकर चारों धामों और हेमकुंड साहिब में अब तक 1336767 तीर्थयात्री पहुंच चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *