ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मप्रः भीषण गर्मी में भट्टी की तरह तप रहे सभी इलाके, ग्वालियर-चंबल में आज लू का रेड अलर्ट

मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। नौतपा में प्रदेश के सभी इलाके भट्टी की तरह तप रहे हैं, लेकिन जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, मौसम विभाग ने आज (गुरुवार को) ग्वालियर-चंबल, मालवा-निमाड़ में भीषण गर्मी के साथ लू का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो-तीन दिनों में धीरे-धीरे तापमान में कमी आना आएगी।

वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में जो मौसम की स्थिति है, उसे दो हिस्सों के आधार पर देखा जा सकता है। एक ओर जहां उत्तरी हिस्से में तीव्र लू चल रही है वहीं दक्षिणी हिस्सों के जिलों में लू की स्थिति नहीं है। आने वाले एक से दो दिनों में तापमान में गिरावट का क्रम देखने को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में हवाओं का रुख बदलने लगा है। वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम से लेकर पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इसका ज्यादा असर अभी दक्षिणी हिस्सों में दिख रहा है जिसके चलते तापमान में गिरावट आई है। वर्तमान में हिमाचल के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ रहा है। गुरुवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के भी उत्तर भारत की तरफ बढ़ने के आसार हैं। इससे हवाओं का रुख बदलने से गुरुवार से तापमान में कुछ गिरावट होने की उम्मीद है।

इससे पहले बुधवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान में आधा डिग्री सेल्सियस तक की मामूली गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन गर्मी के तेवर पर इसका खास असर नहीं दिखाई दिया। एक दिन पहले प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दतिया में 47.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, दूसरे स्थान पर 47.5 डिग्री तापमान के साथ निवाड़ी और तीसरे 47.4 डिग्री सेल्सियस के साथ खजुराहो तीसरे स्थान पर रहा था। इसके अलावा ग्वालियर चम्बल के 12 जिलों में भीषण लू और भोपाल-इंदौर समेत 24 जिलों में गर्म हवाएं चलीं। इस तरह कुल 36 जिलों में हीट वेव का असर देखने को मिला था।

भोपाल के मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार, मानसून अपनी सामान्य तिथि से दो दिन पूर्व 30 मई को ही केरल में दस्तक दे सकता है। वहां वर्षा का क्रम जारी है। आधिकारिक घोषणा के बाद अनुमान है कि प्रदेश में भी 15 से 20 जून के आसपास मानसून दस्तक दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *