ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

नारी की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के अनेक कार्य हुए : योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नारी शक्ति वंदन अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी गरिमा के लिए उनकी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के अनेक कार्य हुए हैं। हर योजना के केन्द्र में देश की आधी आबादी रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में अनेक अभियान चले। उन अभियानों के केन्द्र में जाति मत मजहब नहीं था। सम्पूर्ण समाज की संतुष्टि के लिये योजनाएं बनीं। गरीबों के लिए,किसानों के लिए महिलाओं और नौजवानों के लिए जो योजनाएं बनीं आज वे योजनाएं रामराज्य का आधार बन रही हैं। देश में चार करोड़ गरीबों के आवास बने। देश के अंदर स्वच्छ भारत अभियान के तहत 12 करोड़ शौचालय बने। हर घर नल से स्वच्छ जल भी पहुंच रहा है। पीएम स्वामित्व योजना के तहत मकान का मालिकाना हक भी मिल रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब कोई भी राजनीतिक दल महिलाओं को विधानसभा या संसद में पहुंचने से रोक नहीं पायेगा। यह केवल घोषणा नहीं वास्तविकता बनती जा रही है। यही तो भारतीय संस्कृति कहती है। जहां नारी की पूजा होती है वहां देवता निवास करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया अयोध्या धाम की ओर आकर्षित कर रही है। 500 वर्षों के उपरांत तपस्या और साधना के बाद अयोध्या में रामलला विराजमान हुए हैं। यह समारोह केवल प्राण प्रतिष्ठा समारोह ही नहीं लोकआस्था एवं भारत के पुराने गौरव की पुन:प्रतिष्ठा का एक अभियान है।

योगी आदित्यनाथ ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि महिला स्वयं सेवी सहायता समूह के माध्यम से पहली बार महिलाओं को स्वावलंबी बनाने पर फोकस किया गया है। ठेला, खोमचा व रेड़ी लगाने वालों को ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। जनधन से लेकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के केन्द्र में देश की आधी आबादी रही है।

कार्यशाला को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहाटकर सहित पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी सम्बोधित किया। कार्यशाला में क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अभियान की टोली व जिला अभियान की टोली के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *