ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

गौरी-केदारेश्वर को नमामि गंगे ने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का दिया निमंत्रण

रामनगरी अयोध्या में जन्मस्थान पर बने भव्य मंदिर में श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर काशी में उत्साह का माहौल है। रामभक्तों की टोली लोगों को पूजित अक्षत कलश देकर समारोह में न्यौता दे रही है।

मंगलवार को नमामि गंगे के सदस्यों ने केदार घाट स्थित गौरी केदारेश्वर महादेव की विधिवत आरती उतार कर सादर निमंत्रण दिया। निमंत्रण और आरती के दौरान गौरी केदारेश्वर का परिसर जय सियाराम जय जय सियाराम के गगन भेदी उद्घोष से गूंज उठा। ॐ नमः शिवाय, हर हर महादेव…, राम राम जय राजा राम… के जय घोष से केदारनाथ का मंदिर राममय में हो गया। स्वच्छता को संस्कार के रूप में शामिल करने के आवाह्न के साथ प्रभु श्री राम और भगवान शिव शंकर के प्रकृति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आत्मसात करने की अपील की गई।

कार्यक्रम संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि अयोध्या में एक नए स्वर्णिम युग का सपना साकार हो रहा है। लगभग 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण और उसमें प्राण प्रतिष्ठा का यह महान अवसर है। प्रभु श्री राम को देवाधिदेव महादेव अत्यंत प्रिय हैं। हमने बाबा गौरी केदारेश्वर नाथ को सपरिवार निमंत्रण देकर भारत की सुख-समृद्धि की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *