ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बदमाशों की गोली से घायल सिपाही सचिन राठी की अस्पताल में सांसें थमी

जनपद के विशनगढ़ थाना क्षेत्र के धरनी धीरपुर गांव में सोमवार की शाम को एक हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। हिस्ट्रीशीटर ने पत्नी और बेटे के साथ मिलकर घर से पुलिस पर फायरिंग की। इस गोलीबारी में एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया। घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी सांसें थम गई। इस घटना में मुठभेड़ कर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और उसके बेटे समेत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने मंगलवार को बताया कि हिस्ट्रीशीटर मुन्ना यादव पर डकैती, लूट और गैंगस्टर समेत 20 से ज्यादा केस दर्ज हैं। मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोमवार को वह अपने घर आया है। इस सूचना पर छिबरामऊ और विशनगढ़ थाने की पुलिस टीम ने 4:00 बजे उसे घर की घेराबंदी की। मौके पर पुलिस टीम के पहुंचने पर पहले हिस्ट्रीशीटर द्वारा किसी तरह की मूवमेंट नहीं की गई, लेकिन जैसे ही टीम घर के पास पहुंची तो छत से फायरिंग करने लगे। बदमाशों की फायरिंग में कांस्टेबल सचिन राठी की जांघ में गोली जा लगी और वह घायल हो गया। घायल हालत में कांस्टेबल को 100 सैय्या अस्पताल छिबरामऊ में भर्ती कराया गया। इधर, पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, मगर आरोपी घर में छिप जा रहे थे। इसमें हिस्ट्रीशीट मुन्ना की पत्नी उसकी मदद कर रही थी। दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान अन्य थानों की पुलिस को बुला लिया गया। पुलिस टीम ने मुन्ना के घर को चारों तरफ से घेर लिया और जब आरोपितों द्वारा फायरिंग करते हुए भागने लगे तभी जवाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर और उसके बेटे के पैर में गोली लगी और वो गिर गए। दोनों को छिबरामऊ सैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इधर घायल कांस्टेबल सचिन को छिबरामऊ अस्पताल से कानपुर के रिजेंसी अस्पताल ले जाया गया, जहां रात 1:00 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि मामले में हिस्ट्रीशीटर और उसके बेटे के पास से दो तमंचे बरामद किए गए जिससे वो फायरिंग कर रहे थे। आरोपित के घर की तलाशी में पुलिस को डबल बैरल की बंदूक मिली है। हिरासत में लेकर पत्नी से पूछताछ की जा रही है और घर व आसपास सर्च ऑपरेशन किया जा रहा है। वीरगति को प्राप्त सिपाही सचिन राठी के पार्थिव शरीर को कन्नौज पुलिस लाइन में सलामी दी जाएगी।

फरवरी में होने वाली थी शादी

हिस्ट्रीशीटर की गोली से घायल सिपाही सचिन राठी मूलरूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला था और 2019 में उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुआ था। इन दिनों उसकी तैनाती कन्नौज जनपद में थी। उसकी अगले साल 2024 में पांच फरवरी को शादी होने वाली थी। घटना के बाद से उसके परिवार में मातम पसर गया है। गमगीन परिजनों को साथी कर्मियों द्वारा ढांढस बंधाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *