ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मकर संक्रांति पर आसमान में खूब लहराईं ऐसी खास पंतगें, छाए मोदी और योगी

राजधानी लखनऊ में मकर संक्रांति के अवसर पर एतिहासिक घंटाघर परिसर में पतंग महोत्सव का आयोजन किया गया। खासतौर पर बनाई गईं मोदी और योगी की पतंग जब आसमान में लहराईं तो लोगों की नजरें उसी ओर घूम गईं। ‘मोदी है तो मुमकिन है, योगी है तो यकीन है’ संदेश लिखी पतंगों को उड़ाने के लिए पतंगबाजों में होड़ मची थी। इसी के साथ ‘स्वच्छ विरासत अभियान’ की शुरुआत हुई। महापौर संयुक्ता भाटिया, राज्य मिशन निदेशक स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) नेहा शर्मा और नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह की मौजूदगी में अभियान शुरू किया गया।

इस मौके पर शहर के सबसे बड़े पतंगबाजों को सम्मानित किया गया। राज्य मिशन निदेशक स्वच्छ भारत मिशन नेहा शर्मा ने बताया कि स्वच्छ विरासत अभियान 14 से 24 जनवरी तक चलेगा। इस अवधि में प्रदेश की 75 ऐतिहासिक धरोहरों की सफाई कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य है कि देश विदेश से आने वाले पर्यटकों पर प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण स्थापित हो सके।

इसके साथ ही ‘स्वच्छता परमो धर्म:’ के मूल सिद्धांत को सभी पर्यटक और स्थानीय लोगों तक ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के प्रति जागरूक किया जा सके। प्रदेश के नगरों को वैश्विक मापदंडों पर श्रेष्ठ बनाने का संकल्प लेते हुए 100 दिनों का विशेष अभियान भी शुरू हो रहा है। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक, कठपुतली शो, साइट के अंदर प्लॉग रन आदि गतिविधियां होंगी। अन्य प्रमुख स्थान जैसे घाट, तालाब, बाजार समेत अन्य वाणिज्यिक क्षेत्र की साफ-सफाई में आम जनमानस को शामिल किया जाना है। एतिहासिक स्थलों पर एलईडी स्क्रीन, बैनर आदि के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन की ब्रांडिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि पतंग महोत्सव को नगर निगम स्वच्छता के दो रंग थीम (हरे और नीले) के आधार पर मनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *