ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

फैक्टरी कर्मी को रौंदने के बाद चार किमी. तक शव घसीटकर ले गया ट्रक

सुमेरपुर कस्बे में कानपुर-सागर नेशनल हाइवे पर एक अज्ञात ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार फैक्टरी कर्मी को रौंद डाला। हादसे के बाद ट्रक चार किमी दूर तक शव घसीटकर ले गया। हादसे की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चूरी हाउस भेजा है। हादसे में फैक्ट्री कर्मी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सुमेरपुर थाना पुलिस ने हादसे के बाद से फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

कानपुर-सागर नेशनल हाइवे-34 में लगातार हादसे का दौर चल रहा है। सोमवार को सुमेरपुर थाना क्षेत्र के फैक्टरी एरिया में पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने मोटरसाइकिल सवार शिक्षक और दो मासूम छात्राओं को रौंद डाला था। इस हादसे में कक्षा पांचवीं की छात्रा खुशबू की मौत हो गई थी, वहीं तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा अर्पिता व प्राथमिक स्कूल के शिक्षक महेश अनुरागी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों में छात्रा अर्पिता की हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया था। इस हादसे के अभी 12 घंटे भी नहीं हुए थे कि सोमवार की देर रात फिर फैक्टरी एरिया के पास वीभत्स हादसा हो गया। जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

सुमेरपुर थाना प्रभारी रामआसरे सरोज ने मंगलवार को बताया कि सुमेरपुर कस्बे के ऊंछा थोक मोहाल निवासी शशिकांत यादव (28) सोमवार की देर रात घर से बाइक से ड्यूटी करने सुमेरपुर स्थित फैक्टरी एरिया जा रहा था तभी उसे अज्ञात ट्रक ने रौंद डाला। घटना के बाद चालक मृतक का शव ट्रक से घसीटकर चार किमी. दूर तक ले गया। इस हादसे में अज्ञात ट्रक चालक फरार है जिसकी तलाश कराई जा रही है।

बता दें कि सुमेरपुर कस्बे में ही कानपुर-सागर नेशनल हाइवे में इससे पहल कई हादसे हुए जिसमें तमाम लोगों की मौत हो चुकी है। नेशनल हाइवे में डिवाइडर न होने के कारण इस साल अभी तक कई लोगों की हादसे में मौत हो चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *