ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

तीन मंजिला इमारत गिरी, एक की मौत

जिले में मंगलवार रात करीब सवा 10 बजे रिनोवेशन काम के दौरान एक तीन मंजिला इमारत गिर गई। हादसा शहर के बिहारी चौक इलाके में हुआ। मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के वक्त बिल्डिंग में 8 लोग मौजूद थे। इनमें से 5 पहले ही बाहर निकल गए। दो को रेस्क्यू टीम ने निकाला। एक मजदूर मलबे में ही दबा रह गया था, जिसका शव 5 घंटे बाद करीब साढ़े 3 बजे निकाला जा सका।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार छत्तुमल सबनानी की इस तीन मंजिला बिल्डिंग में रेडीमेड कपड़ों की दुकान और साड़ियों का शोरूम था। छत्तुमल सबनानी का बेटा नरेंद्र साबनानी उर्फ पिंकी पिछले कई दिनों से इस बिल्डिंग में तोड़फोड़ और रिनोवेशन का काम करा रहा था। मंगलवार को उसने रात में काम लगवा रखा था। मिस्त्री – मजदूर अंदर काम कर रहे थे। नरेंद्र भी अपने बेटों हितेश और नीतेश के साथ वहां मौजूद था। एक मिस्त्री दीवार जोड़ रहा था, जबकि दूसरा मिस्त्री एक मजदूर के साथ बीम काट रहा था। एक मजदूर सीढ़ी के पास काम कर रहा था। इसी दौरान बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। हादसे में दुकान मालिक, उसके दो बेटे, मिस्त्री और मजदूर घायल हो गए। नरेंद्र और उसके दोनों बेटे बिल्डिंग के पिछले हिस्से में थे, जैसे ही हादसा हुआ वे पीछे के दरवाजे से बाहर निकल गए। नरेंद्र और उसके बेटों के साथ रामदेव नाम का मिस्त्री भी निकल गया। चारों बिना किसी से कुछ कहे सीधे जिला अस्पताल पहुंच गए। नरेंद्र ने हादसे की जानकारी न तो पुलिस प्रशासन को दी, न ही किसी को बताया।

बिल्डिंग के गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के साथ एसडीईआरएफ की टीम पहुंची। नगर निगम की जेसीबी मंगवाई गई। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। इसी बीच सोनू कोल नाम के मजदूर को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। भीषण हादसे के बाद भी उसे मामूली चोट आई है। उसके भीतर इतनी दहशत थी कि वह सिर्फ रोए जा रहा था। रेस्क्यू टीम ने रात करीब तीन बजे मलबे में दबे एक और मजदूर का शव भी खोज निकाला। हादसे की जानकारी मिलने पर सांसद गणेश सिंह, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और महापौर योगेश ताम्रकार के साथ कई व्यापारी भी मौके पर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *