ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

गांव में घुसा दंतैल हाथी-ग्रामीण आये दहशत में, पटाखे और रोशनी कर खदेड़ा जंगल

कोरबा जिले में कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र के कोरबी सर्किल में लोनर चेतक दंतैल हाथी घुस आया। स्थानीय ग्राम कोरबी के कोरबीपारा में उसकी चिंघाड़ सुनकर लोग दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने रातभर दहशत में गुजारी।

ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी, जहां लोकेशन के आधार पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। वन विभाग ने सावधानी के लिए लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने के लिए मुनादी करवाई। विभाग ने तत्काल कोरबी-चिरमिरी मुख्य सड़क को बंद कराया।

लोनर दंतैल हाथी पुलिस चौकी के सामने स्थित खेत में धान की फसल चट कर गया। उसे देखने ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण अपनी फसल को बचाने के लिए पटाखे जलाकर और टॉर्च से रोशनी करके हाथी को खदेड़ने का प्रयास करते रहे। वनकर्मी ग्रामीणों को हाथी के पास जाने से मना करते रहे, लेकिन लोग नहीं माने। घंटों की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा, तब जाकर सबने राहत की सांस ली।

इधर कोरबी-चिरमिरी मुख्य मार्ग के बंद रहने से दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पुलिस और डायल 112 की टीम पहुंची। दंतैल हाथी के जंगल में चले जाने के बाद मार्ग को खोला गया। इसके बाद धीरे-धीरे जाम में फंसी हुई गाड़ियों को निकाला गया। दंतैल हाथी के रेस्क्यू के दौरान हाथी मित्र दल, कोरबी चोटिया सहायक वन परिक्षेत्राधिकारी एम.के. साहू अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *