ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बलिया में परिषदीय विद्यालय के छात्रों को शिक्षकों ने बेरहमी से पीटा, आरोपित शिक्षक सस्पेंड

शिक्षा क्षेत्र मनियर के उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव में बुधवार को अध्यापकों द्वारा छात्रों की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो के सामने आते ही बीएसए मनीष कुमार सिंह ने प्रभारी प्रधानाध्यापक समेत दो शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया है।

आरोप है कि उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव में पढ़ने वाले कक्षा सात के छात्र अर्जुन राजभर (13) पुत्र शिवजी राजभर व अमरजीत राजभर (12) पुत्र टुनटुन राजभर को प्रभारी प्रधानाध्यापक श्रीभगवान राम, सहायक अध्यापक वीरेन्द्र कुमार तथा अनुदेशक संतोष कुमार ने बुधवार की सुबह बेरहमी से पीटा। तीनों बच्चे गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन शिक्षक पीटते रहे। बीच-बचाव करने आई एक महिला शिक्षक को भी शिक्षकों ने अपशब्द की बौछार कर खदेड़ दिया। शिक्षकों की पिटाई से चीखते-चिल्लाते बच्चों की आवाज सुन आस-पास के लोग जुट गये। छात्र को शिक्षक द्वारा बेरहमी से पीटे जाने की निन्दा करते हुए लोगों ने विरोध करना शुरू किया, तब तक बच्चों के परिजन और ग्रामीण पहुंच गये।

ग्रामीणों का तेवर देख शिक्षक एक कमरे में कैद हो गये और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस किसी तरह से बीच बचाव व कारवाई का भरोसा देकर दो शिक्षकों को रूम से बाहर निकालकर थाने ले गयी। वहीं, सूचना पर पहुंचे खण्ड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने कुछ शिक्षकों और ग्रामीणों का बयान दर्ज करने के साथ ही दोनों शिक्षकों व अनुदेशक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की।

खण्ड शिक्षा अधिकारी मनियर की संस्तुति पर बीएसए मनीष कुमार सिंह ने तत्काल प्रभाव से प्रभारी प्रधानाध्यापक श्रीभगवान राम व सहायक अध्यापक वीरेन्द्र कुमार को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, अनुदेशक संतोष कुमार पर विभागीय कार्रवाई के संकेत दिये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *