प्रेमिका को मार कर प्रेमी ने आत्महत्या की
जिले में एक शराब व्यवसायी ने अपनी प्रेमिका की घर में घुसकर चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। युवक ने प्रेमिका के गले पर लगातार चार वार किए। प्रेमिका की हत्या के बाद युवक ने अपने मामा के घर जाकर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने वॉट्सऐप के स्टेटस पर प्रेमिका के साथ खुद की फोटो भी लगाई। साथ में लिखा माई लाइफ जो मेरा है बस मेरा है। किसी का नहीं हो सकता। मैं किसी से समझौता नहीं कर सकता।
मामला झुंझुनू जिले के गुढागौड़जी थाना क्षेत्र के हांसलसर गांव का है। घटना शुक्रवार देर रात की है। शराब व्यवसायी सुरेश (32) पुत्र धर्मपाल और युवती प्रियंका (20) दोनों एक ही गांव के थे। शराब व्यवसायी शादीशुदा था। तीन साल पहले शादी हुई थी। शादी के एक साल बाद उसकी पत्नी छोड़कर चली गई थी। वहीं युवती बीएड की तैयारी कर रही थी। सुरेश के गांव में ही दो ठेके है। उसके खिलाफ अवैध शराब की तस्करी के चार-पांच मामले भी दर्ज थे। सुरेश और प्रियंका पिछले काफी समय से रिलेशन में थे। युवक शादी का दबाव बना रहा था। लेकिन युवती के घर वाले शादी को राजी नहीं थे। घरवाले युवती की शादी दूसरी जगह करना चाह रहे थे। युवक इस बात से नाराज बताया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के दौरान युवती अपने माता-पिता और बुआ के लड़के साथ एक कमरे में सो रही थी। रात एक बजे सुरेश कमरे में पहुंचा और युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवती के चिल्लाने पर परिजन बचाने दौडे़ तो सुरेश मौके से फरार हो गया। परिजन युवती को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालात गंभीर होने पर युवती को झुंझुनू के बीडीके अस्पताल में रेफर कर दिया। यहां युवती को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जिला पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह भी बीडीके अस्पताल पहुंच कर घटना की जानकारी जुटाई। युवती के बुआ के लड़के ने बताया कि शुक्रवार रात को 11.30 बजे के करीब खाना खाकर सभी सोए थे। रात एक बजे के करीब किसी के कमरे में घुसने की आवाज आई। मैं और बुआ-फूफा उठे तो देखा की एक युवक प्रियंका पर वार कर रहा है। जैसे ही युवक को पकड़ने की कोशिश की तो उसने मुझ पर भी हमला कर दिया और फरार हो गया।
युवती के बुआ के लड़के के अनुसार दो युवक घर में घुसे थे। इसमें एक युवक घर के बाहर खड़ा था। प्रेमिका की हत्या करने के बाद युवक बाइक पर सवार होकर अपने मामा के घर पहुंचा। वहां युवक ने फांसी का फंदा लगा लिया। वहीं दूसरी तरफ लड़की की हत्या की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। गांव वालों ने आरोपी सुरेश के बारे में जानकारी दी। उसके मोबाइल नंबर लेकर ट्रेस किए गए। आरोपी की लोकेशन बुगाला टावर छऊ गांव आई। पुलिस लोकेशन के आधार पर पहुंची तो वह घर उसके मामा का था। मकान में पुलिस गई तो आरोपी फांसी पर लटका हुआ था। यह मकान सुनसान था। जहां कोई नहीं रहता। शनिवार सुबह दस बजे के करीब पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कर युवती का शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर गांव चले गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन मौके पर मौजूद है। स्थानीय विधायक राजेन्द्र गुढा भी मौके पर पहुंचे।