ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

लगातार हो रही वर्षा से मिली राहत, किसान खेतों में व्यस्त

सावन माह के पखवाड़े के बाद अंचल में लगातार वर्षा शुरू हो गई है। वर्षा के बीच खरीफ खेती किसानी जोरों पर है। किसान व मजदूर खेतों में व्यस्त है। जिले में हो रही बारिश खेती के लिए काफी फायदेमंद है।

21 जुलाई की सुबह धमतरी शहर, कलेक्ट्रेट मार्ग और रूद्री रोड में करीब डेढ़ से दो घंटे तक झमामझ बारिश हुई। इस बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। लोगों की आवाजाही बंद रही। ज्यादातर लोग घरों में दुबके रहे। झड़ी के बीच ग्राम खरतुली, परसतराई, पोटियाडीह समेत अन्य गांवों में किसान खेती में व्यस्त रहे। बारिश को खेती-किसानी के लिए काफी फायदेमंद बताया जा रहा है। खरीफ खेती-किसानी इन दिनों जोरों पर है। बोआई पूरी तरह से हो चुका है। अब खेतों में सिर्फ रोपाई जारी है। कुछ ही किसान नर्सरी के अभाव में अभी भी लेही पद्धति से बोआई कर रहे हैं। खेती-किसानी के चलते किसान व मजदूर इन दिनों खेतों पर ही नजर आ रहे हैं। बारिश से बचने खेत में महिलाएं बरसाती पालीथिन पहनकर रोपाई कर रही थी। किसान घनाराम साहू, जीवराखन लाल, भीम राम आदि ने बताया कि अब बारिश धान फसल के लिए काफी फायदेमंद होंगे, क्योंकि खेतों में धान के पौधे सम्हल चुका है, तेजी के साथ पौधों का विकास होगा। बारिश होने के साथ ज्यादातर किसान अपने खेतों में खाद का छिड़काव कर रहे हैं, इससे पौधों में हरियाली आ रही है और पौधों में विकास भी होने लगा है।

जिले में अब तक 438.6 मिलीमीटर औसत वर्षा

जिले में चालू मानसून के दौरान एक जून से अब तक 438.6 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गयी है। कार्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार धमतरी जिले में आज 26.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। इसमें धमतरी तहसील में 31.1 मिलीमीटर, कुरूद तहसील में 17.6 मिलीमीटर, मगरलोड में 15.5, नगरी में 21.8, भखारा में 53.6, कुकरेल में 21 मिलीमीटर और बेलरगांव तहसील में 25.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *