ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए तिरंगा लहराते हुए पहुंचे कांवड़ियें

सावन मास की शिवरात्रि पर्व के मद्देनजर शुक्रवार सुबह से ही मुरादाबाद में कांठ रोड, रामपुर रोड और दिल्ली रोड पर शिव भक्त कांवरियों का आवागमन होता रहा। उत्तराखंड की देवनगरी हरिद्वार व ब्रजघाट (गढ़ गंगा) से कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर तिरंगा लहराते हुए हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारों के साथ कावड़ के जत्थे मुरादाबाद पहुंचे। शिवभक्त घुंघरूओं की छम-छम पर चलते हुए डीजे पर चल रहे धार्मिक भजनों पर नाचते झूमते हुए आ रहे थे।

स्थानीय कांवड़ियें व शिवभक्त 15 जुलाई शनिवार को श्रावण मास की शिवरात्रि (शिवतेरस) के पावन पर्व पर मुरादाबाद के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करके अपना संकल्प पूर्ण करेंगे। मुरादाबाद के विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों व आम लोगों ने कांवड़ियों के जत्थे पर पुष्पवर्षा की। शिव भक्तों की सेवा के लिए भंडारों व सूक्ष्म जलपान का भी जगह-जगह पर आयोजन हुआ।

शुक्रवार को हजारों की संख्या में दिल्ली रोड, हरिद्वार रोड व रामपुर रोड कांवड़ के आवागमन को लेकर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए थे। पुलिस की निगरानी और सुरक्षा के एहतियाती इंतजामों के बीच कांवड़ियों के जत्थे गुजरे। शनिवार को शिवतेरस पर भगवान महादेव के शिवलिंग का जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्त कांवड़िये पिछले एक सप्ताह से लगातार उत्तराखंड की देवनगरी हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर मुरादाबाद होकर अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे थे।

मुरादाबाद के कांवड़िये व कांवड़ जत्थे शुक्रवार देर रात्रि तक अपने गंतव्य स्थान पर पहुंच जायेंगे और 15 जुलाई को मासिक शिवरात्रि के दिन कांवड़ में रखे इस पवित्र गंगा जल से शिवलिंग व शिव परिवार का जलाभिषेक करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *