ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अब आम जनता से खुद जुड़ेंगे एसपी, स्पेशल टीम दिलाएगी त्वरित न्याय

अब किसी गरीब अथवा पीड़ित व्यक्ति को परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि थाने की पुलिस कोई भी मामला दबा नहीं पाएगी। इसके लिए स्पेशल टीम बनाई जाएगी, जो अपराध पर अंकुश लगाने के साथ त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाएगी।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा की पहल पर एक स्पेशल नंबर जारी करने के साथ स्पेशल टीम भी गठित किया जाएगा। जारी किए गए नंबर से पुलिस अधीक्षक आमजनता से सीधे संपर्क में रहेंगे और उनकी शिकायतें दर्ज कर संबंधित थाने की फोर्स से कार्रवाई न कराकर स्पेशल टीम को भेजकर कार्रवाई कराएंगे।

खास बात यह है कि स्पेशल टीम को मिली शिकायत व कार्रवाई की भनक तक थाने की पुलिस को नहीं लग पाएगी। जब तक उनको दबिश की जानकारी होगी, तब तक कार्रवाई हो चुकी होगी। स्पेशल टीम बनाने का उद्देश्य है कि जो मामले थाने की पुलिस की ओर से दबा दिए जाते हैं, अब वह नहीं हो पाएगा। स्पेशल टीम मादक पदार्थ, जुआ, शराब बनाने व बेचने, शराब की तस्करी, मारपीट, तमंचा लेकर घुमने, अराजकता फैलाने सहित सभी शिकायतें दर्ज करेगी। इसके लिए स्पेशल नंबर जल्द ही जारी किया जाएगा। स्पेशल टीम जुआ खेलने व खेलाने, सिक्का गलाने, असलहा व शराब बनाने वालों पर सख्ती बरतेगी।

पुलिस अधीक्षक तक शिकायत पहुंचने पर सक्रिय होती है थाने की पुलिस

देखा जा रहा है कि थाना क्षेत्रों में कई अवैध काम हो रहे हैं, लेकिन थाने पर शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंच रहा है, तब वह सक्रिय होकर कार्रवाई करा रहे हैं।

स्पेशल टीम की कार्रवाई की थाने की पुलिस को नहीं लग पाएगी भनक

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में हो रहे अवैध काम व अपराध पर अंकुश लाने के लिए एक अलग नंबर जारी किया जाएगा। जिस पर कोई भी व्यक्ति कहीं पर हो रहे अवैध काम की शिकायत कर सकता है। शिकायत पर थाने की पुलिस नहीं बल्कि एक स्पेशल टीम जाकर कार्रवाई करेगी। इससे मामला दब नहीं पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *