पहले छोटे बेटे ने जीवित मां का मृत्यु प्रमाण पत्र बनाया, अब बड़ा बेटा भटक रहा बनवाने

अनूपपुर, 23 अगस्त। बिजुरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने 6 वर्ष पूर्व अपनी जीवित मां का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया। जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। वहीं अब दूसरा भाई 3 साल बाद महिला की मृत्यु होने पर मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भटक रहा है। मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की बात कही है।

महिला के बड़े बेटे प्रद्युम्न नारायण पांडेय ने बताया कि उसकी मां शिवकलिया पांडेय की मौत 13 फरवरी 2024 को हुई थी। जबकि उसके छोटे भाई विनोद पांडेय ने जमीन की लालच में 3 जनवरी 2019 को नगर पालिका बिजुरी से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया। इसके बाद शिकायत पर बिजुरी पुलिस ने 14 जनवरी 2020 को मामला दर्ज किया था, जो न्यायालय में विचाराधीन है। प्रद्युम्न नारायण पांडेय ने बताया कि अब मां की मृत्यु हो जाने के 5 महीने बाद भी उसे मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भटक रहा है। नपा के जिम्मेदार अधिकारी पहले से प्रमाण पत्र होने का हवाला देकर उसे यहां-वहां दौड़ा रहे है। उन्होंने मामले में नपा के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

होगी कार्रवाई – मु.नपाधिकारी

बिजुरी नपा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन कुमार साहू ने बताया कि नगर पालिका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाले नपा के लापरवाह कर्मचारियो पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले में मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाले नपा के कर्मचारी विनोद पांडे और नगर पालिका में योजना शाखा प्रभारी सत्येंद्र सिंह को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *