ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

प्रधानमंत्री जयपुर में तीन दिवसीय पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षकों के सम्मेलन में लेंगे भाग

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जयपुर में तीन दिवसीय पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लेंगे। पांच से सात जनवरी तक आयोजित होने वाले सम्मेलन में साइबर अपराध, पुलिसिंग में प्रौद्योगिकी, आतंकवाद विरोधी चुनौतियां, वामपंथी उग्रवाद, जेल सुधार और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने गुरुवार को बताया कि प्रधानमंत्री 6-7 जनवरी को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन 2023 में भाग लेंगे।

सम्मेलन का एक अन्य प्रमुख एजेंडा नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन के लिए रोड मैप पर विचार-विमर्श है। इसके अलावा सम्मेलन में पुलिसिंग और सुरक्षा में भविष्य के विषयों जैसे एआई, डीपफेक आदि जैसी नई प्रौद्योगिकियों द्वारा उत्पन्न चुनौतियों और उनसे निपटने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

सम्मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, गृह राज्यमंत्री, कैबिनेट सचिव, केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख सहित अन्य लोग भाग लेंगे।

सम्मेलन ठोस कार्य बिंदुओं की पहचान करने और उनकी प्रगति की निगरानी करने का अवसर भी प्रदान करता है, जिसे हर साल प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुत किया जाता है। यह सम्मेलन पहचाने गए विषयों पर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पुलिस और खुफिया अधिकारियों के व्यापक विचार-विमर्श का समापन है। प्रत्येक विषय के तहत राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की सर्वोत्तम प्रथाओं को सम्मेलन में प्रस्तुत किया जाएगा ताकि राज्य एक-दूसरे से सीख सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *