ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

नौजवान ही भारत का भविष्य : प्रान्त प्रचारक

बुधवार को बुविवि के गांधी सभागार में आयोजित कला संकाय के नव प्रवेशित विद्यार्थियों के अभिविन्यास कार्यक्रम के तीसरे दिन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर प्रांत के प्रांत प्रचारक श्रीराम जी रहे। उन्होंने कहा कि नौजवान ही भारत का भविष्य हैं। उन्होंने नौजवानों से विश्वविद्यालय के संसाधनों का उपयोग कर अपना भविष्य बनाने का आह्वान किया।

प्रांत प्रचारक श्रीराम ने कहा कि विद्यार्थियों में सदैव सीखने की भूख होनी चाहिए। ऐसे गुण से युक्त व्यक्ति कभी विफल नहीं हो सकता है। उन्होंने डा. एपीजे कलाम के जीवन का भी जिक्र किया। उन्होंने नौजवानों का आह्वान किया कि सदैव एकाग्रता बनाए रखें।

संघ के प्रांत प्रचारक श्रीराम ने गोस्वामी तुलसीदास के महानायक और आराध्य प्रभु श्रीराम के जीवन के विविध प्रसंगों का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रभु श्रीराम और जनकनंदिनी सीता के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी को गुरु के प्रति समर्पण का भाव रखना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के मंगलमय भविष्य की कामना की।

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने कहा कि युवाओं को अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए भरपूर प्रयास करना चाहिए। ज्ञान के आधार पर ही दुनिया का नेतृत्व किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज भारत काफी तेजी से बदल रहा है। हर क्षेत्र में उसकी उपलब्धियां दुनिया को चौंका रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि आप सभी भारत का नाम रोशन करने के लिए भरसक प्रयास करें। प्रो पाण्डेय ने कहा कि सभी विद्यार्थियों को ज्ञान और कुशलता के आधार पर समाज में खास स्थान बनाने को हरसंभव प्रयास करना होगा।

उन्होंने इसरो के कार्यों और उपलब्धियों का भी विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चंद्रयान अभियान तीन अपनी खूबियों के कारण पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। उन्होंने चंद्रयान अभियान तीन की विशेषताओं का उल्लेख भी किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश पूरी दुनिया को अपनी विशिष्टताओं से आकर्षित कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चंद्रयान अभियान तीन मील का अहम पत्थर साबित होगा।

शुरुआत में कला संकाय अधिष्ठाता प्रो मुन्ना तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अभिविन्यास कार्यक्रम की रूपरेखा भी बताई। कुलपति ने स्मृति चिह्न देकर श्रीराम को सम्मानित किया। संचालन डा. गुरदीप कौर ने किया। अंत में प्रो डीके भट्ट ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम में कुलसचिव विनय कुमार सिंह, डा बीबी त्रिपाठी, डा सुनीता, डा जय सिंह, उमेश शुक्ल, डा कौशल त्रिपाठी, डा राघवेन्द्र दीक्षित, डा नेहा मिश्र, डा मनीषा जैन, डा शिप्रा वशिष्ठ, डा ऋतु सिंह, डा श्वेता पाण्डेय,डा अजय कुमार गुप्त, डा ब्रजेश सिंह परिहार, दिलीप कुमार, संतोष कुमार,डा प्रेमलता श्रीवास्तव, डा सुनील,अतीत विजय, देवेंद्र कुमार समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *