ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

सोलन में विक्रमादित्य सिंह करेंगे ज़िला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता

प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह इस वर्ष सोलन में आयोजित होने वाले ज़िला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यातिथि होंगे। मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) राम कुमार उनके साथ सोलन में होने वाले ज़िला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में उपस्थित रहेंगे।

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि हर वर्ष की भान्ति इस वर्ष भी ज़िला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित किया जाएगा।

इस सम्बन्ध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यातिथि सर्वप्रथम सुबह 10.40 बजे कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेश वासियों एवं ज़िला वासियों की ओर से शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

उसके उपरांत मुख्यातिथि 11.00 बजे ठोडो मैदान में ध्वजारोहण करेंगे और पुलिस तथा गृह रक्षा एवं एनसीसी सहित अन्य टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पूर्वाभ्यास 22 जनवरी को सुबह 11.00 बजे से ठोडो मैदान में आयोजित होगा।

उन्होंने कहा कि इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस सम्बन्ध में गठित समिति द्वारा उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूची सभी विभाग सहायक आयुक्त सोलन के कार्यालय को प्रेषित कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *