ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

किन्नर महामंडलेश्वर हिमांगी सखी लोकसभा चुनाव लड़ेंगी,12 अप्रैल से चुनाव प्रचार अभियान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से किन्नर महामंडलेश्वर हिमांगी सखी भी सियासी जंग में उतरेंगी। अखिल भारतीय हिन्दू महासभा ने उन्हें वाराणसी से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष ऋषि कुमार त्रिवेदी के अनुसार प्रदेश के 20 संसदीय सीटों से महासभा ने प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इसमें वाराणसी संसदीय सीट से महामंडलेश्वर हिमांगी सखी पार्टी की उम्मीदवार है। इस संबंध में महामंडलेश्वर हिमांगी सखी ने कहा कि देश के राजा ने हम किन्नरों पर ध्यान नहीं दिया। इसलिए चुनाव लड़ने को पार्टी ने कहा तब मैंने तैयारी की। महामंडलेश्वर ने कहा कि सरकार ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दिया है। हम इसकी सराहना करते हैं, बेटियां जगतजननी का स्वरूप हैं लेकिन सरकार अर्द्धनारीश्वर को भूल गई। यह नारा हम भी सुनना चाहते हैं, वह दिन कब आएगा? केंद्र सरकार ने ट्रांसजेंडर पोर्टल जारी कर दिया लेकिन क्या किन्नरों को इसके बारे में पता है।

महामंडलेश्वर ने कहा कि हम सभी के लिए भी कम से कम एक सीट आरक्षित होना चाहिए, ताकि हम सभी अपनी आवाज़ उठा सकें। हम लोगों के बारे मे कोई नहीं सोचता तो हमने खुद फैसला किया कि हम अपने कदम आगे बढ़ायें। पांच भाषाओं में भागवत कथा सुनाने के लिए हिमांगी सखी जानी जाती हैं। महामंडलेश्वर 12 अप्रैल को बनारस पहुंचेंगी और बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर अपने चुनाव-प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरोध में नहीं हैं, उन्होंने भी धर्म का काम किया है। हमारी कोशिश बस इतनी है कि हमारी बात सरकार तक पहुंचे। इसीलिए वाराणसी संसदीय सीट से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष ऋषि कुमार त्रिवेदी ने बताया कि वाराणसी से चुनाव लड़ रहीं किन्नर महासभा की महामंडलेश्वर हिमांगी सखी 10 अप्रैल को वाराणसी पहुंचेंगी। सबसे पहले बाबा काशी विश्वनाथ के मंदिर में दर्शन करेंगी। इसके बाद अपने प्रचार-प्रसार अभियान की शुरुआत करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *