जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके वैभव सूर्यवंशी, अफगानिस्तान ए के खिलाफ 38 रन बनाकर लौटे पवेलियन
दांबुला: भारत ‘ए’ और अफगानिस्तान ‘ए’ के बीच जारी ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी बड़ी पारी खेलने का मौका गंवा बैठे। शुरुआती जीवनदान मिलने के बावजूद वह सिर्फ 38 रन बनाकर आउट हो गए। पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 28 गेंदों पर 38 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से चार चौके और दो शानदार छक्के निकले। हालांकि अच्छी शुरुआत को वह बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके।
फरीदून दाऊदजई ने किया वैभव का शिकार
अफगानिस्तान ‘ए’ के गेंदबाज फरीदून दाऊदजई ने वैभव सूर्यवंशी को खालिद तानीवाल के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेजा। जब वैभव का विकेट गिरा, तब भारत ‘ए’ का स्कोर आठ ओवर में एक विकेट पर 75 रन था।
दूसरे ओवर में मिला था बड़ा जीवनदान
वैभव सूर्यवंशी की पारी दूसरे ओवर में ही समाप्त हो सकती थी। अफगानिस्तान ‘ए’ के गेंदबाज शम्स उर रहमान के ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने पॉइंट की दिशा में शॉट खेला, जहां फील्डिंग कर रहे फरीदून दाऊदजई ने शानदार डाइव लगाकर कैच लपकने का प्रयास किया। पहली नजर में ऐसा लगा कि वैभव आउट हो गए हैं और वह पवेलियन की ओर बढ़ भी चुके थे। लेकिन थर्ड अंपायर ने रिप्ले में पाया कि कैच पूरा करते समय गेंद जमीन को छू गई थी। इसके बाद फैसला बदल दिया गया और वैभव को बल्लेबाजी जारी रखने का मौका मिला।
जीवनदान के बाद नहीं खेल सके बड़ी पारी
हालांकि मिले हुए इस बड़े जीवनदान का वैभव सूर्यवंशी ज्यादा फायदा नहीं उठा सके। उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट जरूर लगाए, लेकिन अपनी पारी को लंबा नहीं खींच पाए और 38 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए।
ट्राई सीरीज में अब तक फीका रहा प्रदर्शन
श्रीलंका दौरे पर खेली जा रही इस ट्राई सीरीज में वैभव सूर्यवंशी से काफी उम्मीदें थीं। हालांकि अब तक उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। खबर लिखे जाने तक युवा बल्लेबाज ने चार पारियों में कुल 117 रन बनाए हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि प्रतिभाशाली वैभव के पास अभी भी आगामी मुकाबलों में अपनी छाप छोड़ने का पूरा मौका है, लेकिन उन्हें अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में बदलने की जरूरत होगी।