ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

पुनालुर-मदुरै एक्सप्रेस आग हादसे पर उप्र मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मदुरै यार्ड जंक्शन के पास पुनालुर-मदुरै एक्सप्रेस आग हादसे में हुई जनहानि पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने मृतकों के परिवार को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने के आदेश राहत विभाग को दिए हैं। राहत विभाग ने हेल्प लाइन नम्बर 9454441081 व 9454441075 जारी किया है। 1070 टोल फ्री नम्बर से भी सम्पर्क कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने रेलमंत्री से भी फोन पर बातचीत की है। उप्र के प्रमुख सचिव गृह ने इस हादसे की कमान संभाली है।

उप्र राहत विभाग की ओर से जो प्रारंभिक जानकारी मिली है उसके मुताबिक, लखनऊ से रामेश्वरम जा रही ट्रेन (पुनालुर-मदुरै एक्सप्रेस) की एक प्राइवेट बोगी में मदुरै यार्ड जंक्शन के पास आग लग गई थी। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अधिकतर लोग उत्तर प्रदेश के हैं। उत्तर प्रदेश के सपदमन सिंह (64) और मिथिलेश्वरी (65) के नाम सामने आया है। करीब 20 अन्य लोग झुलस गए हैं।

घटना के बाद जिला कलेक्टर संगीता ने खुद उस ट्रेन कोच का निरीक्षण किया है,जहां आग लगी थी। उन्होंने बताया कि दक्षिणी रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस बोगी की थर्ड पार्टी बुकिंग सीतापुर की एक ट्रेवल एजेंसी ने कराई थी। इसमें 63 लोग सफर कर रहे थे। 63 में से नौ मृत, छह रेलवे अस्पताल और दो दो राजाजी अस्पताल में भर्ती है। 39 हमारे आश्रय में और सात लापता चल रहे हैं, जिनकी खोजबीन की जा रही है। कोच में आग लगने का मुख्य कारण रसोई गैस सिलेंडर रहा। डीआरएम समेत अन्य रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। रेलवे ने प्रत्येक मृतक के आश्रित को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *